कटनी में ओवरलोडिंग पर बड़ी कार्रवाई, चार हाईवा से ₹11.30 लाख का जुर्माना वसूला

कटनी। जिले में ओवरलोड वाहनों के खिलाफ खनिज विभाग और यातायात पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए चार हाईवा वाहनों से कुल 11 लाख 30 हजार 878 रुपये का जुर्माना वसूल किया है। कार्रवाई से ओवरलोडिंग कर सड़कों पर दौड़ने वाले भारी वाहनों पर प्रशासन की सख्ती का संदेश दिया गया है।

दरअसल, कलेक्टर आशीष तिवारी और पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में 10 अक्टूबर को डस्ट, गिट्टी और रेत से लदे चार हाईवा वाहनों को ओवरलोडिंग के मामले में जब्त कर यातायात थाना परिसर में खड़ा कराया गया था। इसके बाद 28 अक्टूबर को खनिज विभाग ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए चारों वाहनों पर जुर्माना वसूल किया।

कार्रवाई के दौरान वाहन क्रमांक CG04PG5857 से 4 लाख 54 हजार रुपये, CG04NX1857 से 28 हजार 700 रुपये, CG04PJ1397 से 4 लाख 55 हजार रुपये और MP20ZN8799 से 1 लाख 93 हजार 178 रुपये का जुर्माना वसूला गया।

इस संयुक्त कार्रवाई में खनिज अधिकारी आर.के. दीक्षित, कमलेश परस्ते एवं खनिज विभाग के स्टाफ के साथ यातायात थाना प्रभारी निरीक्षक अनूप सिंह और पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि ओवरलोडिंग पर अंकुश लगाने, सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने और नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के विरुद्ध इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *