
कटनी। शहर के व्यस्त बाजारों में अतिक्रमण कर कारोबार करने वालों पर अब नगर निगम ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। मिशन चौक से सुभाष चौक मार्ग पर सार्वजनिक सड़क पर कब्जा कर व्यवसाय संचालित करने वाले 16 दुकानदारों को निगम की अतिक्रमण शाखा ने नोटिस जारी कर निर्धारित समय-सीमा में अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए हैं।
नगर निगम की टीम ने बुधवार को मार्ग का निरीक्षण कर सड़क पर अतिक्रमण करने वाले व्यापारियों को चिन्हित किया। निगम प्रशासन के मुताबिक, सार्वजनिक मार्गों पर अतिक्रमण के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी होती है, वहीं यातायात व्यवस्था भी प्रभावित होती है।
निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय-सीमा में अतिक्रमण नहीं हटाने वाले दुकानदारों के खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन का कहना है कि शहर के प्रमुख मार्गों और व्यस्त बाजार क्षेत्रों को अतिक्रमण मुक्त बनाकर यातायात व्यवस्था सुचारू करने के लिए अभियान जारी रहेगा।
नोटिस के बाद भी नहीं हटाया अतिक्रमण तो कार्रवाई तय!
अब देखना होगा कि नोटिस मिलने के बाद संबंधित दुकानदार स्वयं अतिक्रमण हटाते हैं या नगर निगम को आगे की कार्रवाई करनी पड़ती है।
