
रायपुर। जयपुर–इंदौर–रायपुर कनेक्टिंग फ्लाइट से यात्रा कर रहे तिल्दा-नेवरा भाजपा शहर मंत्री दीपक चोइथवानी को रायपुर एयरपोर्ट पर इंडिगो एयरलाइन की लापरवाही के चलते परेशानी का सामना करना पड़ा। फ्लाइट से उतरने के बाद बैगेज बेल्ट पर उनका चेक-इन किया गया सामान नहीं मिला, जिससे वे काफी समय तक परेशान रहे।मिली जानकारी के अनुसार, तय समय से थोड़ी देरी से रायपुर पहुंचे दीपक चोइथवानी ने जब अपना सामान बैगेज बेल्ट पर नहीं देखा, तो उन्होंने तुरंत इंडिगो एयरलाइन के लगेज कार्यालय में संपर्क किया। वहां मौजूद कर्मचारियों द्वारा स्पष्ट जवाब नहीं दिए जाने से स्थिति और तनावपूर्ण हो गई। गुम हुए बैग में उनके जरूरी कपड़े, महत्वपूर्ण दस्तावेज और आवश्यक दवाइयां रखी हुई थीं।लगभग 30 मिनट तक चले हंगामे और बहस के बाद इंडिगो एयरलाइन द्वारा उनका सामान उपलब्ध कराया गया। इस दौरान एयरलाइन स्टाफ के व्यवहार को लेकर भी यात्री ने नाराजगी जताई।घटना के बाद दीपक चोइथवानी ने सोशल मीडिया के माध्यम से इंडिगो एयरलाइन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए मामले की जांच और जिम्मेदार कर्मचारियों पर कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते विरोध नहीं किया जाता, तो सामान मिलने में और देर हो सकती थी।इस घटना ने एयरलाइंस की बैगेज हैंडलिंग व्यवस्था और यात्रियों की सुविधा व सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। यात्रियों का कहना है कि इस तरह की लापरवाही से समय की बर्बादी के साथ-साथ मानसिक तनाव भी बढ़ता है।यात्रियों ने मांग की है कि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों, इसके लिए एयरलाइन द्वारा ठोस कदम उठाए जाएं