आज शनिवार को बरगवां स्थित जिला भाजपा कार्यालय में क्षेत्रीय सांसद विष्णु दत्त शर्मा के नेतृत्व में पत्रकार वार्ता आयोजित की गई, जिसमें तिरपन लाख सैंतालिस हजार तीन सौ पंद्रह करोड़ रुपये के इस केंद्रीय आम बजट 2026 को ऐतिहासिक बजट बताते हुए इसमें शामिल किए गए विकास के सभी पहलुओं पर विस्तार से प्रकाश डाला गया, उन्होंने बताया कि यह आम बजट किस तरह मोदी जी के 2047 के विकसित भारत के संकल्प का मार्ग प्रशस्त करेगा।
विकास विश्वास और समावेशन तीनों सरकार की शीर्ष प्राथमिकताएं हैं, गरीब किसान युवा और महिलाओं को केंद्रित करते हुए उक्त बजट को पारित किया गया है, साथ ही उन्होंने बताया कि इंफ्रास्ट्रक्चर ही किसी भी राष्ट्र के विकास की रीढ़ होती है और इस बजट में इन्फ्रास्ट्रक्चर के लिए 12.2 लाख करोड़ रुपए का प्रावधान रखा गया है जो अपने आप में मायने रखता है, साथ ही रोजगार के अवसर, उत्पादकता, प्रतिस्पर्धा को बढ़ाते हुए तथा आर्थिक वृद्धि करते हुए इसे आम आदमी की आकांक्षाओं को पूरा करने वाला बजट कहा।
इस बजट में 25 करोड़ गरीबों को गरीबी रेखा से ऊपर लाने का लक्ष्य रखा गया है, साथ ही खेलो इंडिया, इनकम टैक्स के प्रावधानों में बदलाव तथा स्वसहायता समूहों के माध्यम से लखपति दीदी एवं ड्रोन दीदी, सोलर एनर्जी तथा आयुष विभाग को भी प्राथमिकता दी गई है।