
कटनी। विजयादशमी पर्व के अवसर पर मंगलवार, 20 अक्टूबर को झिंझरी स्थित पुलिस लाइन में पारंपरिक शस्त्र पूजन समारोह श्रद्धा और उल्लास के साथ आयोजित किया गया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधि-विधान से शस्त्रों का पूजन किया गया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने जिले में शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के संकल्प को दोहराया।
कार्यक्रम में राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार श्री लखन पटेल, विधायक श्री धीरेन्द्र बहादुर सिंह, कलेक्टर श्री आशीष तिवारी और पुलिस अधीक्षक श्री अभिनय विश्वकर्मा सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। समारोह में जिला भाजपा अध्यक्ष श्री दीपक टंडन सोनी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कमल मौर्य, एसडीएम श्री जितेंद्र पटेल, तहसीलदार श्री अजीत तिवारी सहित पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी और पत्रकारगण भी शामिल हुए।
शस्त्र पूजन भारतीय संस्कृति और परंपरा का प्रतीक है। पुलिस विभाग में इस आयोजन का विशेष महत्व है, जो साहस, अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और जनसेवा की भावना को दर्शाता है। पूजन के माध्यम से पुलिसकर्मियों ने आमजन की सुरक्षा, अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
शस्त्र पूजन के बाद पुलिस अधीक्षक श्री अभिनय विश्वकर्मा सहित अन्य अधिकारियों ने पुलिस वाहनों का भी विधि-विधान से पूजन किया। वहीं, विजयादशमी के अवसर पर जिले के सभी पुलिस थानों और चौकियों में भी थाना एवं चौकी प्रभारियों के नेतृत्व में शस्त्र पूजन कार्यक्रम आयोजित किए गए।
इस अवसर पर कटनी पुलिस की ओर से जिलेवासियों को विजयादशमी पर्व की शुभकामनाएं दी गईं तथा समाज में शांति, सद्भाव और सुरक्षा बनाए रखने का संदेश दिया गया।
