
कटनी। संत कंवरराम वार्ड के राबर्ट लाइन क्षेत्र में लंबे समय से सड़क निर्माण की प्रतीक्षा कर रहे नागरिकों के लिए राहत भरी खबर है। महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी ने शुक्रवार, 16 अक्टूबर को लगभग 47 लाख 11 हजार रुपये की लागत से होने वाले दो सड़क डामरीकरण कार्यों का भूमिपूजन किया। इस अवसर पर वार्ड की एक कन्या के हाथों भूमिपूजन कराकर विकास कार्यों की शुरुआत की गई।
पहला कार्य बजरंग बली मंदिर से अमर अमित आसरानी के घर तक कराया जाएगा, जिस पर लगभग 26 लाख 68 हजार रुपये खर्च होंगे। वहीं, दूसरा डामरीकरण कार्य रामचंद पोपटमल की आढ़त से जे.के. वॉच के मकान तक किया जाएगा, जिसकी लागत लगभग 20 लाख 43 हजार रुपये है।
सड़कों के निर्माण से क्षेत्रवासियों को धूल और गड्ढों से राहत मिलने के साथ आवागमन सुगम होने की उम्मीद है।
इस दौरान महापौर श्रीमती सूरी ने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना नगर निगम की प्राथमिकता है।
कार्यक्रम में क्षेत्रीय पार्षद गोविंद चावला, एमआईसी सदस्य डॉ. रमेश सोनी, सुभाष साहू, सुरेंद्र गुप्ता, पार्षद शकुंतला सोनी, वंदना यादव, श्रीमती रेखा तिवारी, एल्डरमैन नरेश अग्रवाल, गंगाराम कटारिया, समाजसेवी सौरभ अग्रवाल सहित स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
दोनों सड़कों के डामरीकरण कार्य शुरू होने से राबर्ट लाइन के रहवासियों में खुशी का माहौल है। अब क्षेत्रवासियों को निर्माण कार्य पूरा होने का इंतजार है, ताकि उन्हें बेहतर सड़क सुविधा का लाभ मिल सके।
