कटनी में घर पर पत्थरबाजी, घर में घुसकर मारपीट और जान से मारने की धमकी! कोतवाली पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा।

कटनी। शहर के बस स्टैंड स्थित हरिजन बस्ती में पुरानी रंजिश को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। घर के बाहर पत्थरबाजी, गाली-गलौज और घर के अंदर घुसकर मारपीट करने के मामले में कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है।पुलिस के मुताबिक, 22 अक्टूबर की रात करीब साढ़े ग्यारह बजे फरियादी आशु बर्मन अपने घर पर मौजूद था। इसी दौरान आरोपियों ने पुरानी रंजिश को लेकर विवाद शुरू कर दिया। गाली देने से मना करने पर घर के बाहर पड़े पत्थरों से हमला किया गया, जिसमें फरियादी और उसकी भाभी प्रिंसी को चोटें आईं। आरोप है कि इसके बाद आरोपी घर में घुस गए और फरियादी की भाभी नम्रता के साथ भी मारपीट की। बीच-बचाव करने पहुंचे लोगों के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देकर चले गए।मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली पुलिस ने अपराध क्रमांक 1191/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की।

थाना प्रभारी निरीक्षक राखी पाण्डेय के निर्देश पर बस स्टैंड चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक दीपू कुशवाहा की टीम ने दबिश देकर सभी छह आरोपियों को गिरफ्तार किया।गिरफ्तार आरोपियों में अविनाश चुहटेल, अंशु चुहटेल उर्फ डोमार, ऋतिक डुमार उर्फ रुस्तम वाल्मीकि, पट्टू उर्फ समीर डुमार, शिब्बू उर्फ करन वाल्मीकि और ओमकार डुमार शामिल हैं।सभी आरोपियों को 26 अक्टूबर को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड के आधार पर नियमानुसार आगे की वैधानिक कार्रवाई भी की जाएगी।पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य और उप पुलिस अधीक्षक अजाक अनिमेष द्विवेदी के मार्गदर्शन में की गई इस कार्रवाई में कोतवाली एवं बस स्टैंड चौकी की पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।सवाल यह है कि पुरानी रंजिश के नाम पर घरों तक पहुंचकर हिंसा करने वालों पर कानून का शिकंजा कितना प्रभावी रहेगा? पुलिस की कार्रवाई के बाद अब ऐसे मामलों में कानून का पालन और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना अहम है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *