नगर निगम के अतिक्रमण अमले से मारपीट मामले में मुख्य आरोपी गिरफ्तार, कर्मचारियों के आंदोलन के बीच कोतवाली पुलिस की बड़ी कार्यवाही

कटनी। नगर निगम के अतिक्रमण विभाग में घुसकर मारपीट के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्यवाही करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। नगर निगम अधिकारियों और कर्मचारियों द्वारा आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर किए जा रहे आंदोलन के बीच यह कार्यवाही की गई है।
कोतवाली थाना प्रभारी राखी पांडे ने बताया कि अतिक्रमण विभाग में हुई मारपीट की घटना के वायरल वीडियो और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मुख्य आरोपी शाहबाज खान, निवासी सैयद बाबा गली, मिशन चौक को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी के विरुद्ध विवेचना करके विधि संगत धाराओं के तहत अग्रिम न्यायालयीन कार्यवाही की जाएगी।
गौरतलब है कि नगर निगम कार्यालय में घुसकर कर्मचारियों के साथ मारपीट किए जाने की घटना के विरोध में निगम अधिकारी और कर्मचारी लगातार आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे। इसी मांग को लेकर शुक्रवार से कर्मचारियों ने अनिश्चितकालीन काम बंद हड़ताल भी शुरू कर दी थी, जिससे नगर निगम के कई कार्य प्रभावित हो रहे थे।
पुलिस की इस कार्यवाही को मामले में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। और इस संबंध में प्रशासन एवं पुलिस की आगे की कार्यवाही पर सबकी नजर बनी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *