नवोदय विद्यालय के आवासीय परिसर में चोरी, पुलिस ने शुरू की जांच

कटनी। बड़वारा थाना क्षेत्र स्थित नवोदय विद्यालय के आवासीय परिसर में चोरी की घटना सामने आने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और जांच टीम को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कमल मौर्य एवं डीएसपी मुख्यालय श्री रत्नेश मिश्रा ने घटनास्थल का जायजा लेते हुए चोरी से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी ली। पुलिस ने प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों तक पहुंचने के लिए उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर जांच तेज कर दी है।
घटना की विवेचना के दौरान डॉग स्क्वायड और फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट की टीम भी मौके पर पहुंची। टीम ने आवासीय परिसर का बारीकी से परीक्षण कर संभावित स्थानों से भौतिक एवं तकनीकी साक्ष्य जुटाए। पुलिस इन साक्ष्यों के साथ-साथ अन्य तकनीकी माध्यमों से भी संदिग्धों की पहचान करने में जुटी हुई है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले में संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार प्रयास कर रही है। जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्यवाही की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *