नवरात्रि पर्व को लेकर कुठला थाने में शांति समिति की बैठक, सौहार्द बनाए रखने की अपील

80 से 100 गणमान्य नागरिकों और दुर्गा उत्सव समितियों के सदस्यों ने लिया हिस्सा, सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था पर हुई चर्चा

कटनी। आगामी नवरात्रि पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से थाना कुठला में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। थाना प्रभारी अखलेश दाहिया की उपस्थिति में आयोजित बैठक में क्षेत्र के लगभग 80 से 100 गणमान्य नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं विभिन्न दुर्गा उत्सव समितियों के सदस्यों ने सहभागिता की। बैठक में त्योहार के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने, दुर्गा पंडालों की सुरक्षा, ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग तथा यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई।

पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं उप पुलिस अधीक्षक अनिमेष द्विवेदी के मार्गदर्शन में आयोजित बैठक में उपस्थित नागरिकों से नवरात्रि पर्व आपसी भाईचारे और सामाजिक सौहार्द के साथ मनाने की अपील की गई। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि धार्मिक आयोजनों के दौरान शासन द्वारा निर्धारित नियमों एवं दिशा-निर्देशों का पालन करना सभी आयोजकों की जिम्मेदारी है।

बैठक में दुर्गा प्रतिमाओं की स्थापना एवं पंडालों में सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम करने, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा अग्नि सुरक्षा के आवश्यक प्रबंध रखने पर जोर दिया गया। धार्मिक आयोजनों में ध्वनि विस्तारक यंत्रों का उपयोग निर्धारित नियमों और अनुमति के अनुसार करने की हिदायत भी दी गई।

इसके साथ ही जुलूस, गरबा एवं अन्य धार्मिक आयोजनों के दौरान यातायात व्यवस्था बाधित नहीं होने देने की बात कही गई। महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने तथा किसी भी विवाद की स्थिति से बचने के लिए आयोजकों एवं नागरिकों से सतर्कता बरतने का आग्रह किया गया।

अफवाहों से बचने और पुलिस को तत्काल सूचना देने की अपील

बैठक में नागरिकों से सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाले भ्रामक एवं आपत्तिजनक संदेशों पर ध्यान नहीं देने तथा बिना पुष्टि के किसी भी सूचना को आगे प्रसारित नहीं करने की अपील की गई। पुलिस ने कहा कि क्षेत्र में किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि, विवाद या कानून-व्यवस्था से जुड़ी समस्या सामने आने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

बैठक के अंत में थाना प्रभारी एवं उपस्थित पुलिस अधिकारियों ने सभी दुर्गा उत्सव समितियों, जनप्रतिनिधियों और नागरिकों से शासन-प्रशासन के निर्देशों का पालन करने तथा नवरात्रि पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में सहयोग देने की अपील की। पुलिस का उद्देश्य त्योहार के दौरान क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और आपसी सद्भाव बनाए रखना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *