पुलिस का बड़ा अभियान, 24 जून से शुरू होगा “Safe Click 2.0”

15 दिनों तक चलेगा प्रदेशव्यापी जनजागरूकता अभियान, डिजिटल सुरक्षा को जनआंदोलन बनाने की पहल

कटनी, 18 जून। तेजी से बढ़ रहे साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण तथा नागरिकों को सुरक्षित डिजिटल व्यवहार के प्रति जागरूक बनाने के उद्देश्य से मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा 24 जून से 8 जुलाई तक प्रदेशव्यापी 15 दिवसीय वृहद साइबर जन-जागरूकता अभियान “Safe Click 2.0” संचालित किया जाएगा। अभियान का मुख्य उद्देश्य साइबर सुरक्षा को जनआंदोलन का स्वरूप देते हुए समाज के प्रत्येक वर्ग तक साइबर अपराधों से बचाव एवं डिजिटल सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी पहुंचाना है।मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा चलाए जा रहे इस विशेष अभियान के दौरान प्रदेश के सभी जिलों में व्यापक स्तर पर जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। अभियान के तहत विद्यालयों, महाविद्यालयों, कोचिंग संस्थानों, शासकीय कार्यालयों, औद्योगिक प्रतिष्ठानों तथा विभिन्न संस्थाओं में साइबर सुरक्षा विषयक कार्यशालाएं एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों, कर्मचारियों एवं आम नागरिकों को ऑनलाइन ठगी, फर्जी लिंक, साइबर फ्रॉड, सोशल मीडिया अपराध, डिजिटल भुगतान सुरक्षा एवं साइबर सुरक्षा के आधुनिक उपायों की जानकारी दी जाएगी।इसके साथ ही ग्राम पंचायतों, नगरीय निकायों, बाजारों, सार्वजनिक स्थलों एवं सामुदायिक क्षेत्रों में विशेष जनसंपर्क गतिविधियां आयोजित कर लोगों को साइबर अपराधियों द्वारा अपनाए जा रहे नए-नए तरीकों और उनसे बचाव के उपायों के प्रति जागरूक किया जाएगा। अभियान का उद्देश्य ग्रामीण एवं शहरी दोनों क्षेत्रों में डिजिटल सुरक्षा के प्रति सजगता बढ़ाना है।अभियान के दौरान साइबर जागरूकता वाहन के माध्यम से विभिन्न क्षेत्रों में जनसंदेश प्रसारित किए जाएंगे। साथ ही साइबर सुरक्षा मेलों का आयोजन कर नागरिकों को साइबर सुरक्षा संबंधी जानकारी सरल एवं रोचक तरीके से उपलब्ध कराई जाएगी। युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए “स्कैम हैकथॉन” जैसे नवाचार कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे, जिनके माध्यम से युवाओं को साइबर अपराधों की पहचान और रोकथाम के लिए प्रेरित किया जाएगा।नागरिकों को सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने के लिए साइबर सुरक्षा शपथ दिलाई जाएगी। वहीं “मानव क्यूआर कोड” जैसी अभिनव गतिविधियों के जरिए साइबर सुरक्षा संदेशों को आमजन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। अभियान अवधि के दौरान साइबर जागरूकता श्रृंखला के अंतर्गत नियमित संवाद, जनसंपर्क कार्यक्रम एवं विशेषज्ञों के व्याख्यान भी आयोजित होंगे।मध्यप्रदेश पुलिस ने प्रदेशवासियों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधि, साइबर ठगी, फर्जी कॉल, संदिग्ध लिंक अथवा धोखाधड़ी संबंधी संदेश मिलने पर तत्काल पुलिस एवं साइबर हेल्पलाइन को सूचना दें। साथ ही डिजिटल प्लेटफॉर्म का उपयोग करते समय सतर्कता बरतें और साइबर सुरक्षा के नियमों का पालन कर सुरक्षित मध्यप्रदेश के निर्माण में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *