पेंशनधारकों की समस्याओं के समाधान के लिए 24 जुलाई को लगेगी डाक पेंशन अदालत, जबलपुर परिक्षेत्र के नौ डाक संभागों के पेंशनर्स को मिलेगा शिकायतों के निराकरण का अवसर

कटनी, 18 जून। डाक विभाग के माध्यम से पेंशन प्राप्त करने वाले पेंशनधारकों की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी निराकरण के उद्देश्य से आगामी 24 जुलाई 2026 को डाक पेंशन अदालत का आयोजन किया जाएगा। यह विशेष अदालत कार्यालय पोस्टमास्टर जनरल, जबलपुर परिक्षेत्र, जबलपुर में प्रातः 11 बजे से आयोजित होगी, जहां पेंशन संबंधी लंबित शिकायतों एवं समस्याओं की सुनवाई कर उनका समाधान किया जाएगा।डाक विभाग द्वारा आयोजित इस पेंशन अदालत में जबलपुर, बालाघाट, छिंदवाड़ा, छतरपुर, रीवा, मंडला, शहडोल, सागर एवं सतना डाक संभागों के अंतर्गत आने वाले डाकघरों से पेंशन प्राप्त करने वाले पेंशनधारक अपनी शिकायतें प्रस्तुत कर सकेंगे। पेंशन भुगतान में देरी, पेंशन राशि में त्रुटि, बकाया भुगतान, पारिवारिक पेंशन, जीवन प्रमाण पत्र अथवा अन्य पेंशन संबंधी समस्याओं के निराकरण के लिए यह मंच महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करेगा।डाक विभाग ने इच्छुक पेंशनधारकों से अपील की है कि वे अपनी शिकायतें एवं आवेदन निर्धारित प्रारूप में 15 जुलाई 2026 तक वरिष्ठ लेखाधिकारी, कार्यालय पोस्टमास्टर जनरल, जबलपुर परिक्षेत्र, जबलपुर के कार्यालय में भेजें अथवा स्वयं प्रस्तुत करें। विभाग ने स्पष्ट किया है कि अंतिम तिथि के बाद प्राप्त होने वाले आवेदन इस पेंशन अदालत की कार्यवाही में शामिल नहीं किए जा सकेंगे।डाक विभाग का उद्देश्य पेंशनधारकों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना तथा उन्हें बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराना है। विभाग ने पात्र पेंशनधारकों से इस अवसर का अधिकतम लाभ उठाने और अपनी लंबित समस्याओं के निराकरण हेतु समय सीमा के भीतर आवेदन प्रस्तुत करने का आग्रह किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *