कटनी में मानसून की दस्तक तय, अगले 48 घंटे में झमाझम बारिश के आसार

गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना, गर्मी और उमस से मिलेगी राहत

कटनी : लंबे इंतजार के बाद कटनी जिले में मानसून की दस्तक अब बेहद करीब है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार अगले 24 से 48 घंटों के भीतर कटनी सहित महाकौशल क्षेत्र में दक्षिण-पश्चिम मानसून के सक्रिय होने की संभावना है। इसके साथ ही जिले में हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और 40 से 50 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के आसार हैं।

मौसम विभाग ने कटनी जिले के लिए आगामी दिनों में बारिश की संभावना जताई है। मानसून के सक्रिय होते ही तापमान में गिरावट आएगी और भीषण गर्मी व उमस से लोगों को राहत मिलेगी। वहीं किसानों को भी खरीफ फसलों की बुवाई शुरू करने के लिए अनुकूल मौसम मिलने की उम्मीद है।

मौसम विशेषज्ञों ने लोगों से आकाशीय बिजली और तेज हवाओं के दौरान सतर्क रहने तथा आवश्यकता होने पर ही खुले स्थानों में निकलने की सलाह दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *