बिहार में भरत तिवारी एनकाउंटर मामले को लेकर कटनी में ब्राह्मण समाज का प्रदर्शन, राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन

कटनी : बिहार के चर्चित भरत तिवारी एनकाउंटर मामले की गूंज अब मध्यप्रदेश के कटनी जिले में भी सुनाई देने लगी है। ब्राह्मण समाज के पदाधिकारियों और सदस्यों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा और मामले की निष्पक्ष जांच के साथ दोषी पुलिसकर्मियों पर कठोर कार्यवाही की मांग की।कटनी में ब्राह्मण समाज के प्रतिनिधियों ने भरत तिवारी एनकाउंटर प्रकरण को लेकर विरोध दर्ज कराया। समाज के लोगों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि यदि किसी व्यक्ति पर अपराध के आरोप हैं तो उसे दंडित करने का अधिकार केवल न्यायालय को है। उन्होंने आरोप लगाया कि भरत तिवारी की मृत्यु संदिग्ध परिस्थितियों में हुई है, जिसकी निष्पक्ष जांच कराई जानी चाहिए।ज्ञापन में समाज के पदाधिकारियों ने मामले की सीबीआई जांच कराने, संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्यवाही करने तथा पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की है। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि कानून और संविधान सर्वोपरि हैं तथा प्रत्येक नागरिक को निष्पक्ष न्याय प्राप्त करने का अधिकार है।ब्राह्मण समाज के जिलाध्यक्ष रमाकांत दीक्षित ने कहा कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और यदि कोई अधिकारी दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्यवाही की जाए। साथ ही उन्होंने पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा, सुरक्षा और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग भी रखी।ज्ञापन प्राप्त करने के बाद प्रशासन की ओर से अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य ने आश्वस्त किया कि समाज द्वारा प्रस्तुत ज्ञापन को नियमानुसार शासन स्तर तक भेजा जाएगा। इस दौरान बड़ी संख्या में समाज के लोग मौजूद रहे।फिलहाल ब्राह्मण समाज ने केंद्र और बिहार सरकार से मामले में हस्तक्षेप कर निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने की मांग की है। समाज का कहना है कि पीड़ित परिवार को न्याय मिलने तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *