कटनी में वन्यजीवों का सामूहिक शिकार: तालाब में जहर मिलाकर 12 चीतल और 2 सांभर मारने का आरोप, तीन शिकारी गिरफ्तार

डॉग स्क्वॉड की मदद से खुला राज, आरोपियों के घर से मांस, फंदे और शिकार के उपकरण बरामद; पानी के नमूने जांच के लिए भेजे गए

कटनी। जिले के विजयराघवगढ़ वन परिक्षेत्र अंतर्गत घुघरी-कांटी गांव के समीप जंगल में वन्यजीवों के सामूहिक शिकार का सनसनीखेज मामला सामने आया है। वन विभाग ने त्वरित कार्यवाही करते हुए इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

प्रारंभिक जांच में आरोपियों द्वारा तालाब के पानी में जहरीला पदार्थ मिलाकर वन्यजीवों का शिकार करने की बात सामने आई है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।जानकारी के अनुसार गुरुवार सुबह नियमित गश्त के दौरान वन विभाग की टीम को जंगल में स्थित एक तालाब के आसपास लगभग 100 मीटर के दायरे में 12 चीतल और 2 सांभर मृत अवस्था में मिले। बड़ी संख्या में वन्यजीवों के शव मिलने से वन अमले में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में डॉग स्क्वॉड और विशेष वन टीम ने मौके पर पहुंचकर सघन सर्च ऑपरेशन शुरू किया।जांच के दौरान डॉग स्क्वॉड घुघरी गांव स्थित एक संदिग्ध के घर तक पहुंचा। वन विभाग द्वारा तलाशी लेने पर वहां से ताजा खून के निशान, वन्यजीवों के बाल, मांस, शिकार में इस्तेमाल होने वाले फंदे तथा अन्य उपकरण बरामद किए गए। इसके बाद संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर वन विभाग ने गडौरी गांव से दो अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया।वन विभाग ने तीनों आरोपियों के विरुद्ध वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्यवाही शुरू कर दी है। अधिकारियों द्वारा आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाया जा रहा है कि इस शिकार में और कौन-कौन शामिल था तथा क्या इससे पहले भी इस तरह की घटनाओं को अंजाम दिया गया था।डीएफओ गर्वित गंगवार ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने तालाब के पानी में जहर मिलाने की बात स्वीकार की है।

आशंका है कि उसी जहरीले पानी को पीने से 12 चीतल और 2 सांभर की मौत हुई। सभी मृत वन्यजीवों का पोस्टमार्टम कराने के बाद उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया है। वहीं तालाब के पानी के नमूने वैज्ञानिक जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं। रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद वन्यजीवों की मौत के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि की जाएगी।वन विभाग का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और यदि इस घटना में अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आती है तो उनके विरुद्ध भी सख्त वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *