ढोल-नगाड़ों की गूंज के बीच निकली भव्य शोभायात्रा, पूज्य प्रिया किशोरी जी के दर्शन को उमड़ा जनसैलाब

कटनी। कन्हवारा में श्री राम कथा एवं पार्थिव शिवलिंग निर्माण के शुभारंभ के अवसर पर भव्य धार्मिक शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा का शुभारंभ गांव के प्राचीन गौरी शंकर मंदिर से हुआ। इस दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह और भक्ति का वातावरण देखने को मिला।शोभायात्रा प्रारंभ होने से ठीक पहले तेज बारिश शुरू हो गई, लेकिन श्रद्धालुओं की आस्था और उत्साह पर इसका कोई असर नहीं पड़ा। बारिश थमने के बाद बड़ी संख्या में धर्मप्रेमी नागरिक शोभायात्रा में शामिल हुए। वृंदावन धाम से पधारीं कथा वाचिका पूज्य प्रिया किशोरी जी फूलों से सजे रथ पर सवार होकर नगर भ्रमण पर निकलीं।ढोल-नगाड़ों और धार्मिक जयघोष के बीच निकली शोभायात्रा में बड़ी संख्या में महिलाएं एवं पुरुष सिर पर कलश, श्रीरामचरित मानस और पूजा सामग्री लेकर चल रहे थे। मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पूज्य प्रिया किशोरी जी के दर्शन कर पुष्पवर्षा से स्वागत किया। पूरे गांव में ‘जय श्री राम’ के जयघोष से भक्तिमय वातावरण बना रहा।शोभायात्रा गांव के प्रतिष्ठित मां दिशहाई देवी मंदिर सहित विभिन्न देवालयों में पहुंची। यहां श्रद्धालुओं ने श्रीफल अर्पित कर श्री राम कथा यज्ञ के निर्विघ्न एवं सफल आयोजन की कामना की। इसके बाद शोभायात्रा पुनः प्राचीन गौरी शंकर मंदिर पहुंचकर संपन्न हुई।

मंदिर परिसर में पूज्य प्रिया किशोरी जी ने श्रीरामचरित मानस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए श्रद्धालुओं को भगवान श्रीराम के आदर्शों को जीवन में अपनाने तथा धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी।इस अवसर पर मंदिर के मुख्य पुजारी श्री रवि चौरहा, श्री राम दरबार मंदिर के पुजारी श्री महेश दत्त चौबे, कृष्ण कुमार शास्त्री, भरत लाल तिवारी, जित्तू चौबे, नटराज विश्वकर्मा, रामेश्वर, आशीष पांडे, निश्सू पांडे, लोचन यादव, जिया लाल कुशवाहा, ओपी चक्रवर्ती, पुरुषोत्तम बाबा, धन्नी बर्मन, लाला रजक, गैलू कोल, गोरे कोल, नंदू लोधी, इंद्र कुमार, मनीष यादव, रोहित सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी एवं श्रद्धालु मौजूद रहे।

धार्मिक आयोजन : श्री राम कथा का आयोजन 15 से 23 अगस्त तक, पार्थिव शिवलिंग निर्माण 20 से 24 अगस्त तक तथा 24 अगस्त को महाप्रसाद का आयोजन किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *