जैन मंदिर संपत्ति विवाद में फिर तनाव, धार्मिक आयोजन के बीच 6 बाउंसरों के साथ पहुंचे अनुराग जैन; महिलाओं से अभद्रता का आरोप

कटनी। जैन मंदिर एवं धर्मशाला की संपत्ति को लेकर चल रहा विवाद अब लगातार गंभीर रूप लेता जा रहा है। पिछले कई दिनों से जारी तनातनी के बीच अब मामला हिंसक टकराव की आशंका तक पहुंच गया है। ताजा घटनाक्रम में आज रात्रि उस समय नया विवाद खड़ा हो गया, जब मंदिर परिसर में महिला एवं पुरुष श्रद्धालु धार्मिक आयोजन में लीन थे और इसी दौरान अनुराग जैन कथित तौर पर छह बाउंसरों के साथ मंदिर परिसर पहुंच गए।श्री सकल दिगंबर जैन समाज पंचायती समिति के अध्यक्ष संजय जैन ने आरोप लगाया कि धार्मिक आयोजन के दौरान बाउंसरों ने मंदिर परिसर में पहुंचकर महिलाओं के साथ अभद्रता की। इस घटना से वहां मौजूद श्रद्धालुओं में आक्रोश फैल गया। समाज के लोगों ने इसे धार्मिक स्थल की मर्यादा और श्रद्धालुओं की गरिमा से जुड़ा गंभीर मामला बताया है।घटना के दौरान थाना कोतवाली प्रभारी राखी पाण्डेय ने भी अनुराग जैन के इस तरह बाउंसरों के साथ मंदिर परिसर पहुंचने पर एतराज जताया और अपनी नाराजगी जाहिर की। बताया गया है कि मंदिर एवं धर्मशाला संपत्ति विवाद को लेकर पहले ही पुलिस प्रशासन, एसडीएम और कलेक्टर स्तर तक मामला पहुंच चुका है, इसके बावजूद विवाद थमने के बजाय नए घटनाक्रम के साथ और गहराता जा रहा है।

सकल जैन समाज में आक्रोश, भविष्य में हिंसक झड़प की आशंका

इस ताजा घटनाक्रम के बाद श्री सकल दिगंबर जैन समाज में भारी नाराजगी देखी जा रही है। समाज के लोगों ने आशंका जताई है कि यदि विवादित पक्षों की गतिविधियों पर समय रहते प्रभावी रोक नहीं लगाई गई और मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं हुई, तो भविष्य में बड़ी हिंसक झड़प हो सकती है।समाज ने स्पष्ट संकेत दिए हैं कि धार्मिक स्थल पर इस तरह की घटनाओं को अब चुपचाप बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। समाज का कहना है कि मंदिर में पूजा-अर्चना और धार्मिक आयोजन करने वाले श्रद्धालुओं को भयमुक्त वातावरण मिलना चाहिए। महिलाओं के साथ कथित अभद्रता और बाउंसरों की मौजूदगी ने पूरे मामले को और संवेदनशील बना दिया है।

प्रशासन के सामने अब बड़ा सवाल

सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब संपत्ति विवाद पहले से ही पुलिस, एसडीएम और जिला प्रशासन के संज्ञान में है, और निकटतम आगामी दिनों में सुनवाई की तारीख भी दी गई है, तब भी मंदिर परिसर में इस तरह का तनावपूर्ण घटनाक्रम क्यों सामने आ रहा है? क्या प्रशासन किसी बड़ी अप्रिय घटना का इंतजार कर रहा है, या फिर समय रहते दोनों पक्षों के बीच विवाद का कानूनी एवं प्रशासनिक समाधान सुनिश्चित किया जाएगा?फिलहाल इस घटनाक्रम ने कटनी के जैन समाज में गहरी नाराजगी पैदा कर दी है। अब निगाहें जिला प्रशासन और पुलिस की अगली कार्रवाई पर टिकी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *