कटाएघाट मेले के दूसरे दिन सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और खेल प्रतियोगिताओं ने बांधा समां, 10 विद्यालयों की टीमों ने दिखाया वॉलीबॉल में दमखम

कटनी। शहर के ऐतिहासिक श्री बजरंग कटाएघाट मेले में दूसरे दिन सांस्कृतिक रंगों और खेल गतिविधियों का शानदार संगम देखने को मिला। गुरुवार, 26 नवंबर को आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में जहां प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के कलाकारों ने मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से दर्शकों का दिल जीत लिया, वहीं वॉलीबॉल प्रतियोगिता में 10 विद्यालयों की टीमों ने उत्साह के साथ भाग लेकर खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

मेला परिसर में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में सिविल लाइन स्थित प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय राजयोग केंद्र की संचालिका बीके लक्ष्मी बहन के मार्गदर्शन में प्रतिभागियों ने आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। सुरेश भाई ने जीवन के मर्म और मूल्यों पर प्रकाश डाला। वहीं नन्हीं प्रतिभाओं खुशी, काव्या, नैना, यशस्वी, सिद्धि, अवनि, आराध्या, आयुषी और चंचल ने नृत्य एवं कृष्ण लीला की मनमोहक प्रस्तुतियों से उपस्थित दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

कार्यक्रम में एमआईसी सदस्य सुभाष साहू और एल्डरमेन नरेश अग्रवाल विशेष रूप से मौजूद रहे। इसके अलावा जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों, निगम अधिकारियों-कर्मचारियों, विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं और अभिभावकों की उपस्थिति रही। कार्यक्रम का संचालन केसीएस स्कूल की पूर्व प्राचार्या राजेन्द्र कौर लाम्बा ने किया।

वॉलीबॉल में 10 टीमों के बीच मुकाबला

मेले के दूसरे दिन खेलकूद प्रतियोगिताओं के तहत आयोजित वॉलीबॉल स्पर्धा में विभिन्न विद्यालयों की 10 टीमों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता का शुभारंभ एमआईसी सदस्य एवं पार्षद सुभाष साहू ने किया। उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया। मैदान पर खिलाड़ियों ने पूरे जोश और खेल भावना के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान हासिल करने वाली टीमों ने उत्कृष्ट खेल कौशल का परिचय दिया।

खेल प्रतियोगिता के सफल आयोजन में मेला प्रभारी एवं खेलकूद प्रभारी सुमनलता सोनी, सहायक प्रभारी सीमा मिश्रा तथा क्रीड़ा संयोजक भावना मनोदया की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

सांस्कृतिक विरासत, प्रतिभाओं को मंच और खेलों को प्रोत्साहन देने के उद्देश्य से आयोजित मेले के दूसरे दिन की गतिविधियों ने आयोजन में उत्साह और उल्लास का नया रंग भर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *