ब्लैकआउट की स्थिति में कैसे होगा बचाव? कटनी में प्रशासन की मॉकड्रिल, सीढ़ी से रेस्क्यू और स्ट्रेचर से घायलों को निकालने का किया अभ्यास

कटनी। आपदा और आपातकालीन परिस्थितियों में जन सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन एवं नगर पालिक निगम कटनी द्वारा गुरुवार शाम 6 बजे ब्लैकआउट मॉकड्रिल का आयोजन किया गया। इसमें अग्निशमन विभाग, आपदा प्रबंधन, सिविल डिफेंस और होमगार्ड की संयुक्त टीम ने आपात स्थिति से निपटने की तैयारियों का व्यावहारिक प्रदर्शन किया।

मॉकड्रिल के दौरान काल्पनिक ब्लैकआउट की स्थिति निर्मित कर भवन में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने का अभ्यास किया गया। इस दौरान लेडर सीढ़ी के माध्यम से फंसे व्यक्तियों का रेस्क्यू किया गया, वहीं घायल लोगों को स्ट्रेचर की मदद से सुरक्षित स्थान तक पहुंचाकर प्राथमिक उपचार एवं चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया का प्रदर्शन किया गया।

अभ्यास के दौरान अग्नि दुर्घटना की सूचना मिलते ही फायर स्टेशन से अग्निशमन वाहन और टीम को तत्काल रवाना करने से लेकर घटनास्थल पर राहत एवं बचाव कार्य शुरू करने तक की पूरी प्रक्रिया का परीक्षण किया गया।

इस संयुक्त अभ्यास का मुख्य उद्देश्य आपात परिस्थितियों में विभागों के बीच बेहतर तालमेल, त्वरित निर्णय क्षमता और रेस्क्यू ऑपरेशन की दक्षता को परखना था।

मॉकड्रिल में फायर नियंत्रण अधिकारी मृदुल श्रीवास्तव, सहायक फायर प्रभारी शैलेन्द्र दुबे, रक्षित निरीक्षक अंजु लकड़ा, डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट होमगार्ड आर.एस. बघेल, विद्युत विभाग के डी.ई. मुकेश महोबे एवं प्लाटून कमांडर होमगार्ड विजयांश चौधरी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

जिला प्रशासन एवं नगर निगम की संयुक्त टीम ने मॉकड्रिल को सफलतापूर्वक संपन्न कराया। इस अभ्यास के जरिए स्पष्ट संदेश दिया गया कि किसी भी आपातकालीन परिस्थिति में जनहानि रोकने के लिए पूर्व तैयारी, विभागीय समन्वय और त्वरित कार्रवाई बेहद जरूरी है।

जन सुरक्षा, हमारी प्राथमिकता।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *