अवैध फर्नीचर निर्माण पर वन विभाग की बड़ी कार्यवाही, 41 नग सागौन चिरान जब्त

कटनी जिले में वन विभाग ने अवैध रूप से फर्नीचर निर्माण और वन उपज के इस्तेमाल के खिलाफ बड़ी कार्यवाही की है। वन विभाग की टीम ने ग्राम कछारगांव बड़ा में एक घर की तलाशी लेकर बड़ी मात्रा में अवैध सागौन चिरान बरामद किया है। मौके से फर्नीचर निर्माण में इस्तेमाल होने वाले औजार भी जब्त किए गए हैं।

वनमंडलाधिकारी श्री गर्वित गंगवार एवं उपवनमंडलाधिकारी कटनी पश्चिम श्री कार्तिकेय भट्ट के मार्गदर्शन तथा वन परिक्षेत्र अधिकारी ढीमरखेड़ा श्री सचिन नामदेव के निर्देशन में यह कार्यवाही की गई।
उपवनमंडलाधिकारी से प्राप्त सर्च वारंट क्रमांक 4/13, दिनांक 17 अगस्त 2026 के आधार पर वन विभाग की टीम ने ग्राम कछारगांव बड़ा निवासी राकेश पिता राममिलन बढ़ई के घर की विधिवत तलाशी ली।

तलाशी के दौरान घर में अवैध रूप से बढ़ईगिरी और फर्नीचर निर्माण का संचालन पाया गया। मौके से बिना वैध दस्तावेज के राष्ट्रीयकृत वन उपज सागौन की चिरान के 41 नग बरामद किए गए, जिनकी कुल मात्रा करीब 0.232 घन मीटर बताई गई है।
वन विभाग की टीम ने सागौन चिरान को विधिवत जब्त कर लिया। इसके साथ ही फर्नीचर निर्माण में इस्तेमाल किए जाने वाले औजारों को भी जब्त कर सूचीबद्ध किया गया।

मौके पर जब्ती पंचनामा तैयार कर वन अपराध प्रकरण क्रमांक 191/14, दिनांक 17 अगस्त 2026 पंजीबद्ध किया गया। आरोपी द्वारा विभागीय राजीनामा भी प्रस्तुत किया गया है।
इस पूरी कार्यवाही में उपवनक्षेत्रपाल रामपुर श्री मोहम्मद खालिद, वनरक्षक श्री राजेश गुप्ता, श्री राजेश शर्मा, श्री रामकृष्ण दुबे, श्रीमती उमा चौधरी, श्री अंकित गौतम, श्री दिनेश दहायत, श्री रामफल पटेल, सुजाता गौड़ सहित वन विभाग के अन्य कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

वन विभाग की इस कार्यवाही से अवैध रूप से वन उपज का उपयोग कर फर्नीचर निर्माण करने वालों में हड़कंप की स्थिति है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि बिना वैध दस्तावेज के वन उपज का उपयोग पाए जाने पर नियमानुसार वन अपराध प्रकरण दर्ज कर कार्यवाही की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *