मोहित मिश्रा का अंतिम संस्कार, सैकड़ों लोगों ने नम आंखों से दी श्रद्धांजलि

29 वर्ष की अल्पायु में हृदय गति रुकने से हुआ निधन, फरवरी में ही हुआ था विवाह

कटनी। बालाजी नगर निवासी बाल्मीकि मिश्रा के छोटे भाई एवं झुरही गौशाला रोड निवासी जन्मेजय मिश्रा के बड़े पुत्र मोहित मिश्रा का शनिवार 12 सितंबर को रविदास तिराहा स्थित मुक्तिधाम में अंतिम संस्कार किया गया। मोहित के असमय निधन की खबर से परिवार सहित उनके परिचितों, मित्रों और सहकर्मियों में शोक की लहर है।
मोहित मिश्रा मूल रूप से कटनी जिले के बांधा-इमलाज गांव के निवासी थे। वे इंदौर में एक निजी कंपनी में एरिया मैनेजर के पद पर कार्यरत थे। बताया गया कि वे कंपनी के माध्यम से मध्यप्रदेश के लगभग आधे हिस्से में करीब 13 हजार ग्राम पंचायतों की इंटरनेट व्यवस्था से जुड़े कार्यों की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। अपने कार्य के प्रति सक्रिय और जिम्मेदार मोहित ने अल्प समय में ही अपने कार्यक्षेत्र में अलग पहचान बनाई थी।
परिवार के अनुसार मोहित का हृदय गति रुक जाने के कारण असमय निधन हो गया। मात्र 29 वर्ष की आयु में उनका निधन परिवार के लिए गहरा सदमा है। विशेष रूप से यह दुख और भी पीड़ादायक है कि मोहित का विवाह इसी वर्ष फरवरी माह में ही हुआ था। विवाह के कुछ ही महीनों बाद उनके निधन से परिवार में खुशियों का माहौल गहरे मातम में बदल गया।
शनिवार को रविदास तिराहा स्थित मुक्तिधाम में अंतिम संस्कार के दौरान बड़ी संख्या में परिजन, रिश्तेदार, मित्र, परिचित और उनके साथ कार्य करने वाले सहकर्मी मौजूद रहे। सभी ने नम आंखों से मोहित को अंतिम विदाई दी और उनकी स्मृतियों को याद किया।
मोहित के असमय निधन से उनके माता-पिता, परिवारजनों और साथ काम करने वाले सहकर्मियों को गहरा आघात पहुंचा है। अंतिम संस्कार में शामिल लोगों ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की तथा शोकाकुल परिवार को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की।
मोहित की अंतिम यात्रा में उमड़ी भीड़ उनके प्रति लोगों के स्नेह और आत्मीय संबंधों को भी दर्शा रही थी। 29 वर्ष की अल्पायु में दुनिया से विदा हुए मोहित की असमय मृत्यु ने परिवार और परिचितों को गहरे शोक में डाल दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *