Skip to content

कटनी में परिवहन नियमों पर सख्ती, दूसरे दिन भी चला जांच अभियान

कटनी । जिले में सड़क सुरक्षा और परिवहन नियमों के पालन को लेकर प्रशासन पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहा है। कलेक्टर के निर्देश पर बुधवार 08 अप्रैल 2026 को अतिरिक्त क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी संतोष पॉल के नेतृत्व में कटनी-कैमोर मार्ग पर लगातार दूसरे दिन व्यापक वाहन जांच अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान मार्ग से गुजर रहे वाहनों की बारीकी से जांच की गई। करीब दो दर्जन से अधिक वाहनों की जांच में 9 वाहनों में विभिन्न प्रकार की अनियमितताएं सामने आईं। नियमों का उल्लंघन करने वाले इन वाहनों के विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्यवाही करते हुए 5 वाहनों को थाना कुठला तथा 4 वाहनों को थाना कैमोर में खड़ा कराया गया।
जांच के दौरान एक ट्रक बिना वैध परमिट के संचालित पाया गया, जिसे तत्काल जब्त कर लिया गया। वहीं दो यात्री बसें भी बिना परमिट, फिटनेस प्रमाणपत्र और टैक्स के संचालित होती मिलीं। इन बसों पर मौके पर ही कार्यवाही करते हुए उन्हें संबंधित थानों में सुरक्षित रखा गया।
इसके अलावा कई वाहनों में ओवरलोडिंग भी पाई गई। अधिकारियों के अनुसार अधिक भार के कारण दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है और सड़कों को भी नुकसान पहुंचता है। ऐसे सभी वाहनों पर नियमानुसार चालानी कार्यवाही की गई।
अतिरिक्त क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी संतोष पॉल ने बताया कि नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने वाहन चालकों से अपील की कि वे सभी आवश्यक दस्तावेजों के साथ ही वाहन संचालित करें और ओवरलोडिंग से बचें।
कार्यवाही के दौरान परिवहन विभाग की टीम मौके पर मौजूद रही। जांच के चलते कुछ समय के लिए मार्ग पर वाहनों की आवाजाही धीमी रही, लेकिन आम लोगों ने प्रशासन की इस पहल को सकारात्मक बताया। लगातार दूसरे दिन चली इस सख्ती से स्पष्ट है कि प्रशासन सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर है और भविष्य में भी इस तरह की कार्यवाही जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *