
कटनी जिले की बहोरीबंद तहसील में अवैध उत्खनन को लेकर बड़ा मामला सामने आया है। आरोप है कि रात के अंधेरे में नियमों को ताक पर रखकर जेसीबी मशीनों से मिट्टी और मुरुम का अवैध उत्खनन किया जा रहा है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन की कार्यवाही पर सवाल खड़े करते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और सख्त कार्यवाही की मांग की है।
बहोरीबंद क्षेत्र में इन दिनों अवैध उत्खनन का कारोबार खुलेआम चलने के आरोप लग रहे हैं। खबरों के मुताबिक देर रात तक जेसीबी मशीनों से खुदाई कर ट्रकों के माध्यम से मिट्टी और मुरुम का परिवहन किया जा रहा है। आरोप है कि बिना वैध अनुमति के यह पूरा काम संचालित हो रहा है, जिससे शासन को राजस्व की भारी क्षति पहुंच रही है।
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से अवैध उत्खनन माफियाओं का दबदबा बना हुआ है। लोगों का आरोप है कि रसूखदारों के संरक्षण के चलते जिम्मेदार विभाग ठोस कार्यवाही करने से बचते नजर आते हैं। वहीं भारी वाहनों की लगातार आवाजाही से ग्रामीणों में भय और असुरक्षा का माहौल भी बन रहा है।
ग्रामीणों ने यह भी आशंका जताई है कि अवैध उत्खनन से पर्यावरण संतुलन बिगड़ रहा है। लगातार खुदाई के कारण भूमि कटाव, जलस्तर प्रभावित होने और प्राकृतिक संसाधनों के नुकसान का खतरा बढ़ता जा रहा है। लोगों ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों, वाहनों और मशीनों पर सख्त कानूनी कार्यवाही की मांग की है।
बहोरीबंद में अवैध उत्खनन को लेकर उठ रहे सवाल अब प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवालिया निशान खड़े कर रहे हैं। अब देखना होगा कि जिम्मेदार विभाग इस पूरे मामले में कब और कितनी सख्त कार्यवाही करता है।
