
कटनी : शहर की सबसे व्यस्त सब्जी मंडियों में शामिल बिलैया तलैया मंडी शुक्रवार को उस वक्त दहशत में बदल गई, जब पैसों के विवाद में एक युवक पर बीच बाजार चाकुओं से हमला कर दिया गया। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। गंभीर रूप से घायल युवक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, वहीं कोतवाली पुलिस ने तेजी दिखाते हुए कुछ ही घंटों में एक नाबालिग समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के मुताबिक गिरजा घाट निवासी 38 वर्षीय प्रशांत सोनी का बिलैया तलैया क्षेत्र के रहने वाले अभिलाष उर्फ अब्बू चौरसिया से पैसों के लेन-देन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। शुक्रवार को प्रशांत अपना बकाया पैसा लेने के लिए बिलैया सब्जी मंडी पहुंचा था। बताया जा रहा है कि वहां पहले से ही अभिलाष उर्फ अब्बू चौरसिया, लक्ष्मी प्रसाद उर्फ बुच्चड़ चौरसिया, राज उर्फ प्यारे, शुभम उर्फ चुन्नू और एक नाबालिग मौजूद थे।
इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गई। आरोप है कि लक्ष्मी प्रसाद उर्फ बुच्चड़ चौरसिया ने अपने साथियों को हमला करने के लिए उकसाया, जिसके बाद सभी आरोपियों ने प्रशांत सोनी को घेर लिया और उस पर चाकुओं से लगातार वार किए। हमले में प्रशांत की पीठ, कमर और बाएं हाथ में गंभीर चोटें आईं। घायल युवक लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़ा, जबकि आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस और डायल-100 की टीम मौके पर पहुंची तथा घायल युवक को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। एएसपी डॉ. संतोष डेहरिया एवं सीएसपी नेहा पच्चीसिया के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक राखी पाण्डेय के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
पुलिस ने शहर के विभिन्न इलाकों में घेराबंदी कर दबिश दी और कुछ ही घंटों में पांचों आरोपियों को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किए गए हथियारों की भी जानकारी जुटाना शुरू कर दिया है।
कोतवाली थाना पुलिस ने घायल प्रशांत सोनी के बयान के आधार पर अपराध क्रमांक 495/26 दर्ज करते हुए भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला कायम किया है। गिरफ्तार आरोपियों में लक्ष्मी प्रसाद उर्फ बुच्चड़ चौरसिया, राज उर्फ प्यारे चौरसिया, अभिलाष उर्फ अब्बू चौरसिया, शुभम उर्फ चुन्नू तथा एक 16 वर्षीय विधि-विरुद्ध बालक शामिल है। पुलिस के अनुसार आरोपियों में से कुछ का आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है।
फिलहाल सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की कार्यवाही की जा रही है, जबकि घायल युवक का उपचार जिला अस्पताल में जारी है। व्यस्त बाजार क्षेत्र में हुई इस घटना के बाद व्यापारियों और स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल देखा गया, हालांकि पुलिस की त्वरित कार्यवाही से लोगों ने राहत महसूस की है।
बीच बाजार चाकूबाजी की इस घटना में पुलिस की त्वरित कार्यवाही से ने एक बार फिर शहर में बढ़ती आपराधिक घटनाओं और सार्वजनिक स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
