कटनी के राघव रिजेंसी में आधी रात लगी आग, फायर ब्रिगेड ने संभाला मोर्चा; गैस सिलेंडर सुरक्षित बाहर निकालकर टाला बड़ा हादसा

कटनी। शहर में आधी रात उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब थाना एनकेजे अंतर्गत राघव रिजेंसी में अचानक आग लगने की सूचना मिली। घटना 26 नवंबर की रात लगभग 12:30 बजे की है। सूचना मिलते ही नगर निगम कटनी का अग्निशमन अमला तत्काल हरकत में आया और सिविल लाइन जोन एवं बस स्टैंड जोन से एक-एक अग्निशमन वाहन सहित फायर यूनिट को मौके के लिए रवाना किया गया।

घटनास्थल पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने तत्परता से मोर्चा संभालते हुए आग पर काबू पाने और सुरक्षा के आवश्यक इंतजाम किए। इस दौरान मौके पर मौजूद गैस सिलेंडरों को अग्निशमन कर्मियों ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया। उनकी इस सतर्कता से संभावित बड़े हादसे का खतरा टालने में मदद मिली।

राहत की बात यह रही कि इस अग्नि दुर्घटना में कोई जनहानि नहीं हुई और सभी लोग सुरक्षित रहे। आधी रात को मिली सूचना पर नगर निगम के अग्निशमन विभाग की त्वरित कार्रवाई और मुस्तैदी से स्थिति को नियंत्रित करने में महत्वपूर्ण मदद मिली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *