
कटनी। स्कूली बच्चों में सनातन धर्म, भारतीय संस्कृति और परंपराओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा मानवीय मूल्यों की भावना को प्रगाढ़ करने के उद्देश्य से महापौर प्रीति संजीव सूरी ने नगर निगम स्कूलों में अध्ययनरत बच्चों के दल के साथ गुरुवार को कटनी के सिटी मॉल स्थित सिनेमा हॉल में ‘हनुमान अंश’ फिल्म की विशेष स्क्रीनिंग में सहभागिता की। इस विशेष आयोजन में करीब 600 स्कूली बच्चों ने एक साथ प्रेरणादायक फिल्म का आनंद लिया।
सिनेमा हॉल में फिल्म प्रदर्शन के दौरान वातावरण मनोरंजन के साथ-साथ पूरी तरह भक्तिमय नजर आया। बच्चों में फिल्म को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। फिल्म के दौरान भगवान हनुमान से जुड़े प्रसंगों और संदेशों ने बच्चों को आकर्षित किया। इसी दौरान बच्चों ने सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ किया, जिससे पूरा सिनेमा हॉल भक्तिरस में डूबा नजर आया।
महापौर प्रीति संजीव सूरी ने कहा कि बच्चों को अपनी संस्कृति, परंपराओं और सनातन मूल्यों से जोड़ना समय की महत्वपूर्ण आवश्यकता है। फिल्मों और आधुनिक माध्यमों के जरिए यदि बच्चों तक हमारी सांस्कृतिक विरासत और मानवीय मूल्यों का संदेश पहुंचता है, तो यह उनके व्यक्तित्व निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
उन्होंने कहा कि ‘हनुमान अंश’ जैसी फिल्में भारतीय सांस्कृतिक पृष्ठभूमि, आस्था, संस्कार और मानवीय मूल्यों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करती हैं। ऐसे विषयों पर सार्थक और प्रेरणादायक फिल्म निर्माण करने वाले फिल्मकार भारतीय संस्कृति और परंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण कार्य कर रहे हैं।
करीब 600 बच्चों का एक साथ सिनेमा हॉल पहुंचना और फिल्म का सामूहिक रूप से आनंद लेना अपने आप में अलग अनुभव रहा। फिल्म के दौरान बच्चों के चेहरों पर उत्साह और प्रसन्नता साफ दिखाई दी। आयोजन ने मनोरंजन के साथ बच्चों को अपनी सांस्कृतिक जड़ों और परंपराओं से जोड़ने का संदेश भी दिया।
