
आगे भी जारी रहेगी ऐसी कार्यवाही
रीठी वन परिक्षेत्र के ग्राम कुम्हरवारा में कक्ष क्रमांक आर एफ 172 में विगत 15 दिवस से ग्रामीणों द्वारा खेती करने के उद्देश्य से वन भूमि में लेंटाना और झाड़ियों की साफ सफाई की गई थी । आज दिनांक 01/10/2026 को श्रीमान वन मंडल अधिकारी कटनी गर्वित गंगवार एवं एसडीओ कटनी (पश्चिम) श्री कार्तिकेय भट्ट (IFS) के निर्देशन में वन परिक्षेत्र अधिकारी महेश पटेल के नेतृत्व में वन अमले द्वारा पुलिस, राजस्व विभाग एवं स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से 300 अतिक्रमण रोधी ट्रेंच खोद कर अतिक्रमण के प्रयास को विफल किया गया। ग्रामीणों द्वारा महिलाओं को आगे कर विवाद की स्थिति उत्पन्न की गई जिसमें उन्हें समझाइश दी गई कि वन अधिकार पट्टेधारियों के अलावा किसी को भी वन भूमि पर व्यक्तिगत पट्टे का प्रावधान नहीं है इसलिए इस लालच में नवीन अतिक्रमण का प्रयास न करे अन्यथा नियमानुसार कार्यवाही की जावेगी। तथा वन परिक्षेत्र अधिकारी रीठी ने यह भी स्पष्ट किया कि अन्य लोगों के बहकावे और भ्रामक जानकारियों में आकर जहां भी इस प्रकार वन भूमि में साफ सफाई कर अतिक्रमण का प्रयास किया जा रहा है वहां भी भारतीय वन अधिनियम 1927 के तहत इसी प्रकार की कार्यवाही की जायेगी। विदित हो कि पूर्व में भी परिक्षेत्र अंर्तगत नैगेवा बीट की वन भूमि को भी इसी प्रकार मुक्त कराया गया था। हाल में ही संपूर्ण जिले में सामुदायिक वन संसाधन अधिकार के विषय में भ्रामक जानकारी देकर आदिवासी समुदाय के लोगों को अतिक्रमण हेतु प्रेरित किया जा रहा है, डीएफओ गर्वित गंगवार ने स्पष्ट किया है कि इस प्रकार के सभी अतिक्रमण के प्रयासों के विरुद्ध संपूर्ण जिले में कड़ाई के साथ कार्यवाही की जायेगी।
