मोबाइल पर बात करते हुए ड्राइविंग पड़ सकती है भारी, 312 चालकों पर हुई कार्यवाही।

कटनी। वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग करने वाले वाहन चालक अब सावधान हो जाएं। सड़क पर कुछ सेकंड की लापरवाही भी गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है। इसी को ध्यान में रखते हुए कटनी यातायात पुलिस द्वारा मोबाइल का उपयोग कर वाहन चलाने वालों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं उप पुलिस अधीक्षक रत्नेश मिश्रा के मार्गदर्शन में यातायात पुलिस द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है। यातायात थाना प्रभारी निरीक्षक अनूप सिंह ठाकुर ने बताया कि वाहन चलाते समय मोबाइल पर बात करना, मैसेज पढ़ना या सोशल मीडिया का उपयोग करना चालक का ध्यान सड़क से भटका देता है, जिससे दुर्घटना की आशंका कई गुना बढ़ जाती है।

उन्होंने बताया कि कटनी शहर के प्रमुख चौराहों और मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरे यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर लगातार नजर रख रहे हैं। मोबाइल पर बात करते हुए वाहन चलाना, बिना हेलमेट वाहन चलाना, ट्रिपल सवारी, सिग्नल जंप और अन्य नियम उल्लंघन कैमरों में रिकॉर्ड किए जा रहे हैं तथा फुटेज के आधार पर भी कार्यवाही की जा रही है।

यातायात पुलिस के अनुसार 1 जनवरी 2026 से 30 मई 2026 तक मोबाइल फोन का उपयोग करते हुए वाहन चलाने वाले 312 वाहन चालकों के विरुद्ध चालानी कार्यवाही की गई है। इस दौरान कुल 1 लाख 56 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया है।

यातायात पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वाहन चलाते समय मोबाइल का उपयोग न करें, आवश्यक होने पर सुरक्षित स्थान पर वाहन रोककर ही बात करें तथा हेलमेट, सीट बेल्ट और अन्य यातायात नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करें।

पुलिस का कहना है कि मोबाइल पर आया संदेश कुछ देर इंतजार कर सकता है, लेकिन सड़क पर हुई एक छोटी सी गलती किसी परिवार की खुशियां हमेशा के लिए छीन सकती है। इसलिए ड्राइविंग के दौरान मोबाइल नहीं, बल्कि सड़क पर ध्यान देना ही सुरक्षित जीवन की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *