स्कूल चले हम अभियान: 25 जून को स्कूलों में पहुंचेंगे अधिकारी, कलेक्टर ने जारी किए निर्देश

कटनी। जिले में संचालित “स्कूल चले हम” अभियान के द्वितीय चरण के अंतर्गत कलेक्टर आशीष तिवारी द्वारा प्रथम एवं द्वितीय श्रेणी के अधिकारियों की शालाओं में मॉनिटरिंग संबंधी ड्यूटी निर्धारित करते हुए आदेश जारी किए गए हैं। आदेश के अनुसार सभी नामित अधिकारियों को 25 जून 2026 को निर्धारित शालाओं में उपस्थित रहकर अभियान की गतिविधियों का निरीक्षण करना होगा।

कलेक्टर द्वारा जारी निर्देशों में स्पष्ट किया गया है कि जिन अधिकारियों के नाम आदेश में दर्ज हैं, यदि उनका स्थानांतरण हो चुका है अथवा वे सेवानिवृत्त हो गए हैं, तो उनके स्थान पर वर्तमान में कार्यभार संभाल रहे अधिकारी संबंधित विद्यालय में उपस्थित होकर निर्धारित दायित्वों का निर्वहन करेंगे।

प्रशासन ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे निर्धारित तिथि पर स्कूलों में पहुंचकर विद्यार्थियों के नामांकन, शैक्षणिक व्यवस्थाओं, आधारभूत सुविधाओं तथा अभियान की प्रगति का अवलोकन करें और आवश्यक प्रतिवेदन प्रस्तुत करें।

जिला प्रशासन का उद्देश्य अभियान के माध्यम से शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करना तथा स्कूलों में बच्चों की नियमित उपस्थिति को बढ़ावा देना है। इसके लिए विभिन्न विभागों के अधिकारियों की जिम्मेदारी तय कर मैदानी स्तर पर प्रभावी मॉनिटरिंग की व्यवस्था की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *