
कटनी। सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो में ऑटो चालक द्वारा सार्वजनिक सड़क पर खतरनाक तरीके से वाहन चलाते हुए स्टंट करने का मामला सामने आने पर यातायात पुलिस ने त्वरित संज्ञान लेते हुए संबंधित चालक के विरुद्ध वैधानिक कार्यवाही की है।
पुलिस अधीक्षक कटनी अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं उप पुलिस अधीक्षक रत्नेश मिश्रा के मार्गदर्शन में यातायात थाना प्रभारी निरीक्षक अनूप सिंह द्वारा वायरल वीडियो की जांच कर वाहन एवं चालक की पहचान सुनिश्चित की गई। जांच उपरांत चालक के विरुद्ध मोटरयान अधिनियम के तहत नियमानुसार चालानी एवं दंडात्मक कार्यवाही की गई।
यातायात पुलिस ने बताया कि सड़क पर स्टंट करना केवल नियमों का उल्लंघन नहीं है, बल्कि यह स्वयं चालक, वाहन में बैठे यात्रियों और अन्य राहगीरों की जान को जोखिम में डालने वाला गंभीर कृत्य है। ऐसे मामलों में भविष्य में भी सख्त कार्यवाही जारी रहेगी।
यातायात पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर प्रसिद्धि पाने के लिए अपनी और दूसरों की सुरक्षा से खिलवाड़ न करें। सार्वजनिक सड़कें सुरक्षित आवागमन के लिए हैं, न कि स्टंट या प्रदर्शन के लिए। थोड़ी सी लापरवाही भी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है।
यातायात पुलिस की अपील
सड़क पर किसी भी प्रकार की स्टंटबाजी से बचें।
वाहन हमेशा निर्धारित गति एवं नियमों के अनुसार चलाएं।
दोपहिया वाहन चालक हेलमेट तथा चारपहिया वाहन चालक सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें।
सोशल मीडिया के लिए जोखिमपूर्ण वीडियो बनाने से बचें।
यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों की सूचना पुलिस को दें।
संदेश
“सड़क पर जिम्मेदारी दिखाइए, स्टंटबाजी नहीं।”
“वायरल वीडियो से अधिक कीमती आपकी और दूसरों की जिंदगी है।”
“सुरक्षित सफर ही सबसे बड़ी उपलब्धि है।”
