मुकेश गुप्ता हमला कांड में बड़ा एक्शन, बीजेपी नेता सहित 6 आरोपी पुलिस कस्टडी में

कटनी : बहुचर्चित उद्योगपति मुकेश कुमार गुप्ता पर हुए जानलेवा हमले के मामले में माधवनगर पुलिस ने बड़ी कार्यवाही करते हुए मुख्य नामजद आरोपी और बीजेपी नेता हर्ष पाण्डेय सहित छह आरोपियों को पुलिस कस्टडी में ले लिया है। पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त ऑल्टो कार भी जब्त कर ली है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।

माधवनगर थाना पुलिस के अनुसार, विश्राम बाबा क्षेत्र में उद्योगपति मुकेश गुप्ता, उनके भाई और वाहन चालक पर हुए हमले के बाद दर्ज एफआईआर के आधार पर विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया। लगातार दबिश के दौरान मुख्य आरोपी हर्ष पाण्डेय को पुलिस ने कस्टडी में लिया। प्रारंभिक पूछताछ में उसके द्वारा घटना में शामिल होने की बात स्वीकार किए जाने की जानकारी पुलिस ने दी है।

पुलिस के मुताबिक, कस्टडी में लेने के बाद हर्ष पाण्डेय की तबीयत खराब होने पर उसे तत्काल जिला अस्पताल कटनी में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों की निगरानी में उसका उपचार जारी है। अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की वैधानिक कार्यवाही की जाएगी। अस्पताल में उसकी सुरक्षा के लिए पुलिस बल भी तैनात किया गया है।

घटना में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश के दौरान पुलिस ने कुठला क्षेत्र से पांच और आरोपियों को दस्तयाब किया है। इनमें नीलेश विश्वकर्मा, चाहत सोनी, मनोज कुशवाहा, विकास गुप्ता और सुधाकर गौतम शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि पूछताछ में इन आरोपियों ने मारपीट और धमकी देने की घटना में अपनी भूमिका स्वीकार की है। सभी आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर परिजनों को सूचना दे दी गई है।

विवेचना के दौरान पुलिस ने खुलासा किया कि 5 जुलाई को करीब 30 से 35 लोगों की भीड़ ने एकराय होकर मुकेश गुप्ता, उनके भाई और चालक को घेरकर लाठी-डंडों से हमला किया था। आरोप है कि इस दौरान कट्टा दिखाकर जान से मारने की धमकी भी दी गई। पुलिस ने आरोपी सुधाकर गौतम के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त ऑल्टो कार क्रमांक MP-21-CC-4332 बरामद कर जब्त कर ली है।

माधवनगर पुलिस का कहना है कि मामले में नामजद अन्य आरोपियों और घटना में शामिल बाकी लोगों की तलाश जारी है। पुलिस की टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं और जल्द ही शेष आरोपियों को भी गिरफ्तार किए जाने का दावा किया जा रहा है।

मुकेश गुप्ता हमला कांड में छह आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस जांच अब फरार आरोपियों तक पहुंचने पर केंद्रित है। इस हाई-प्रोफाइल मामले पर पूरे जिले की नजर बनी हुई है और आने वाले दिनों में पुलिस की आगे की कार्रवाई पर सभी की निगाहें टिकी रहेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *