
कटनी। कलेक्ट्रेट कार्यालय में कार्यरत 36 सहायक ग्रेड-3 कर्मचारियों के पदोन्नत होने पर मंगलवार को आत्मीय माहौल में सम्मान और शुभकामनाओं का कार्यक्रम आयोजित किया गया। पदोन्नति प्राप्त कर्मचारियों ने कलेक्टर श्री आशीष तिवारी से सौजन्य भेंट कर उनका आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर संयुक्त कलेक्टर श्री जितेंद्र पटेल भी उपस्थित रहे।
कलेक्टर श्री आशीष तिवारी ने सभी पदोन्नत कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि पदोन्नति केवल पद परिवर्तन नहीं, बल्कि नई जिम्मेदारियों और जनसेवा के अधिक अवसर का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कर्मचारी को अपने नए दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ करना चाहिए। शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक समयबद्ध और प्रभावी ढंग से पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है, जिसमें कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रहती है।
उन्होंने कर्मचारियों से अपेक्षा की कि वे कार्यालयीन कार्यों में गुणवत्ता, समयबद्धता और संवेदनशीलता बनाए रखें तथा आमजन की समस्याओं के समाधान को सर्वोच्च प्राथमिकता दें। कलेक्टर ने कहा कि नागरिकों के साथ सकारात्मक व्यवहार और त्वरित सेवा ही सुशासन की पहचान है। कर्मचारियों को अपने कार्यों के माध्यम से प्रशासन की विश्वसनीयता और जनविश्वास को और अधिक मजबूत करने का प्रयास करना चाहिए।
संयुक्त कलेक्टर श्री जितेंद्र पटेल ने भी पदोन्नत कर्मचारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि नई जिम्मेदारियों के साथ कार्यकुशलता, अनुशासन और जवाबदेही का स्तर भी बढ़ जाता है। उन्होंने सभी कर्मचारियों से अपेक्षा की कि वे टीम भावना के साथ कार्य करते हुए जिले के विकास और प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत बनाने में सक्रिय योगदान दें।
इस दौरान पदोन्नत कर्मचारियों ने कलेक्टर श्री आशीष तिवारी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए विश्वास दिलाया कि वे अपने नवीन पद पर पूरी प्रतिबद्धता, समर्पण और ईमानदारी के साथ कार्य करेंगे तथा शासन की मंशा के अनुरूप आमजन को बेहतर और त्वरित सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए सदैव तत्पर रहेंगे। कार्यक्रम का वातावरण आत्मीय और उत्साहपूर्ण रहा तथा सभी कर्मचारियों ने अपने उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं प्राप्त कीं।
