
कटनी। बड़वारा थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्यवाही करते हुए एक व्यक्ति को गांजा सहित गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 1.872 किलोग्राम गांजा और टीवीएस स्टार सिटी मोटरसाइकिल जब्त की है। जब्त मशरूका की कुल कीमत करीब 80 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक अभिनव विश्वकर्मा के निर्देशन में जिले में मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 17 अगस्त को बड़वारा पुलिस का स्टाफ देहात भ्रमण पर था। इसी दौरान सल्हना मोड़ स्थित यात्री प्रतीक्षालय के पास एक व्यक्ति मोटरसाइकिल के साथ संदिग्ध अवस्था में दिखाई दिया।
पुलिस को देखकर उक्त व्यक्ति ने मौके से भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिसकर्मियों ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम रामप्रसाद कोल, पिता स्वर्गीय लुखरु कोल, उम्र 70 वर्ष, निवासी ग्राम खरहटा, थाना बड़वारा बताया।
पुलिस ने स्वतंत्र साक्षियों की मौजूदगी में मोटरसाइकिल क्रमांक MP 21 MG 1507 की तलाशी ली। इस दौरान बाइक में टंगे नीले रंग के प्लास्टिक के थैले से 1.872 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने गांजा और मोटरसाइकिल को विधिवत जब्त करते हुए आरोपी के खिलाफ धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है। पुलिस द्वारा जब्त मादक पदार्थ के स्रोत और इसकी सप्लाई के संबंध में आरोपी से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस टीम की भूमिका
इस पूरी कार्यवाही में थाना प्रभारी उनि सुयश पाण्डेय, सउनि रघुवीर सिंह, प्रधान आरक्षक पवनराज, प्रधान आरक्षक वीरेन्द्र चढ़ार, आरक्षक गौरीशंकर राजपूत, आरक्षक शिवप्रकाश तिवारी एवं आरक्षक बृजलाल प्रजापति की विशेष भूमिका रही।
