
कटनी। UGC कानून और आरक्षण सहित विभिन्न मुद्दों के विरोध में स्वर्ण समाज द्वारा 7 सितंबर को कटनी कलेक्ट्रेट के बाहर प्रदर्शन किए जाने का ऐलान किया गया है। अखिल भारतीय ब्राह्मण एकीकृत परिषद के जिला अध्यक्ष पं. राकेश मिश्रा ने स्वर्ण समाज के लोगों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर प्रदर्शन को सफल बनाने की अपील की है।
प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार 7 सितंबर 2026, रविवार को सुबह 10 बजे कटनी कलेक्ट्रेट गेट के बाहर स्वर्ण समाज के लोग एकत्रित होकर अपनी मांगों और विभिन्न मुद्दों को लेकर धरना-प्रदर्शन करेंगे। आयोजकों का कहना है कि प्रदर्शन के माध्यम से UGC कानून और आरक्षण हटाने सहित समाज से जुड़े अन्य विषयों को शासन-प्रशासन तक शांतिपूर्ण तरीके से पहुंचाया जाएगा।
पं. राकेश मिश्रा ने कहा कि स्वर्ण समाज को एकजुट होकर अपनी आवाज बुलंद करने की आवश्यकता है। प्रदर्शन के दौरान प्रमुख मांगों को प्रमुखता से उठाया जाएगा तथा शासन-प्रशासन का ध्यान समाज की अपेक्षाओं और समस्याओं की ओर आकर्षित कराया जाएगा।
आयोजकों ने समस्त स्वर्ण समाज से अधिक से अधिक संख्या में कलेक्ट्रेट पहुंचने की अपील की है। प्रस्तावित प्रदर्शन को लेकर समाज के लोगों से संपर्क कर सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान भी किया गया है।
