अनशन का चौथा दिन मिला अखिल भारतीय ब्राह्मण महासभा का समर्थन

भाजपा नेता एवं पूर्व जनपद अध्यक्ष कन्हैया तिवारी भी मंच पर पहुंचे, बोले—पार्टी की स्वार्थपरिता से ऊपर समाज और आने वाली पीढ़ी

कटनी। यूजीसी कानून एवं आरक्षण व्यवस्था के मूलभूत ढांचे में सुधार की मांग को लेकर कटनी कलेक्ट्रेट के बाहर अखिल भारतीय ब्राह्मण एकीकृत परिषद एवं राष्ट्रीय करणी सेना द्वारा शुरू किया गया अनशन गुरुवार को चौथे दिन भी जारी रहा। आंदोलन के चौथे दिन अखिल भारतीय ब्राह्मण महासभा ने भी अनशन को अपना पूर्ण समर्थन दिया। महासभा के जिलाध्यक्ष राजू शर्मा अपने सदस्यों के साथ अनशन स्थल पर पहुंचे और आंदोलन को पूरा समर्थन देते हुए सवर्ण समाज के लोगों से इसमें सहभागी बनने की अपील की।अनशन स्थल पर शासकीय मेडिकल टीम द्वारा अनशनकारियों के स्वास्थ्य का नियमित परीक्षण किया जा रहा है। अनशनकारी फलाहार करते हुए अपनी मांगों को लेकर आंदोलन जारी रखे हुए हैं। लगातार चौथे दिन आंदोलन स्थल पर समाज की मातृ शक्तियों की भी बड़ी संख्या में उपस्थिति देखी गई। महिलाओं ने आंदोलनकारियों का उत्साहवर्धन करते हुए अपनी सहभागिता दर्ज कराई।

भाजपा नेता कन्हैया तिवारी हुए मंचासीन

आंदोलन के चौथे दिन भारतीय जनता पार्टी के नेता एवं कटनी के पूर्व जनपद अध्यक्ष कन्हैया तिवारी भी अनशन स्थल पर पहुंचे और मंच पर उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि वे अपने समाज को पार्टी की स्वार्थपरिता से ऊपर मानते हैं। उन्होंने कहा कि समाज और आने वाली पीढ़ी के हित को ध्यान में रखते हुए वे यहां पहुंचे हैं। कन्हैया तिवारी की मौजूदगी को आंदोलनकारियों ने महत्वपूर्ण समर्थन के रूप में देखा। इस दौरान उन्होंने समाज से जुड़े मुद्दों पर अपनी बात रखते हुए कहा कि आने वाली पीढ़ी के हित के लिए समाज के लोगों को एकजुट होकर अपनी भूमिका निभानी चाहिए।

राजनीतिक दलों से ऊपर उठकर आंदोलन में आने की अपील

अनशन स्थल से आंदोलन में शामिल सदस्यों ने सवर्ण समाज के लोगों से अपील की कि वे राजनीतिक स्वार्थपरिता से ऊपर उठकर इस आंदोलन को समाज के अधिकारों की लड़ाई के रूप में देखें। आंदोलनकारियों ने कहा कि समाज का कोई भी व्यक्ति किसी भी राजनीतिक दल से जुड़ा हो, उसे समाजहित के मुद्दे पर अपनी सहभागिता निभानी चाहिए। उन्होंने जिले के सवर्ण समाज से अधिक से अधिक संख्या में आंदोलन स्थल पर पहुंचने तथा यथासंभव आंदोलन में अपना योगदान देने की अपील की। वक्ताओं ने कहा कि सामाजिक मुद्दों पर एकजुटता के साथ आवाज उठाना आवश्यक है और आने वाली पीढ़ी के हितों को ध्यान में रखते हुए समाज के प्रत्येक व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए।

ब्राह्मण महासभा ने किया समर्थन

अखिल भारतीय ब्राह्मण महासभा के जिलाध्यक्ष राजू शर्मा अपने संगठन के सदस्यों के साथ अनशन स्थल पर पहुंचे। उन्होंने आंदोलनकारियों से मुलाकात कर उनकी मांगों का समर्थन किया। साथ ही उन्होंने सवर्ण समाज के सभी लोगों से आंदोलन में सहभागी बनने की अपील की।राजू शर्मा ने विशेष रूप से गुरुवार शाम आयोजित होने वाले हवन कार्यक्रम में समाज के लोगों से बड़ी संख्या में शामिल होने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि समाज के लोग एकजुट होकर कार्यक्रम में अपनी सहभागिता दर्ज कराएं।

चौथे दिन भी जारी रहा अनशन

यूजीसी कानून एवं आरक्षण व्यवस्था के मूलभूत ढांचे में सुधार की मांग को लेकर चल रहे इस आंदोलन में पिछले चार दिनों से अनशन जारी है। अनशनकारियों का स्वास्थ्य परीक्षण शासकीय मेडिकल टीम द्वारा किया जा रहा है। अनशनकारी फलाहार के सहारे आंदोलन को आगे बढ़ा रहे हैं।आंदोलन स्थल पर लगातार सामाजिक संगठनों, महिलाओं और समाज के विभिन्न वर्गों से जुड़े लोगों की उपस्थिति बढ़ रही है। आयोजकों का कहना है कि जब तक उनकी मांगों पर सकारात्मक पहल नहीं होती, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *