कटनी की समस्याओं को लेकर आप ने निकाली जनआक्रोश पदयात्रा

सीवर, बिजली-पानी, सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और किसानों के मुद्दे पर सरकार को घेरा; मेडिकल कॉलेज का भी मुद्दा उठाया।

कटनी। जिले की विभिन्न जनसमस्याओं के समाधान की मांग को लेकर आम आदमी पार्टी जिला कटनी द्वारा शनिवार को जनआक्रोश पदयात्रा एवं आमसभा का आयोजन किया गया। प्रदेश प्रभारी एवं दिल्ली सरकार के पूर्व कैबिनेट मंत्री जितेंद्र सिंह तोमर के नेतृत्व में निकली पदयात्रा में पार्टी कार्यकर्ताओं ने बिजली, पानी, सड़क, सीवर, स्वास्थ्य, शिक्षा, किसान और मेडिकल कॉलेज सहित विभिन्न मुद्दों को लेकर सरकार के खिलाफ आवाज बुलंद की।पदयात्रा शहर के घंटाघर से प्रारंभ होकर सुनरहाई, सुभाष चौक, अहिंसा चौक, मिशन चौक, आजाद चौक और झंडा बाजार होते हुए पुनः घंटाघर पहुंची। यहां आमसभा आयोजित की गई, जिसमें आप नेताओं ने कटनी जिले की मूलभूत सुविधाओं और आमजन से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया।

सीवर परियोजनाओं पर उठाए सवाल

आमसभा को संबोधित करते हुए प्रदेश प्रभारी जितेंद्र सिंह तोमर ने कटनी की सीवर व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने 108 करोड़ और 51 करोड़ रुपये की सीवर परियोजनाओं के अधूरे रहने का मुद्दा उठाते हुए कहा कि जनता के पैसे से संचालित परियोजनाओं में देरी के लिए जिम्मेदार लोगों को जवाब देना चाहिए।उन्होंने कहा कि सीवर के अधूरे कार्यों का असर शहर की सड़कों पर भी दिखाई दे रहा है और जगह-जगह निर्माण कार्यों के कारण नागरिकों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि जनआक्रोश पदयात्रा केवल राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनता की समस्याओं को शासन तक पहुंचाने का माध्यम है।

बिजली, पानी और सड़क की समस्याओं पर सरकार को घेरा

जितेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि कटनी जिले में बिजली, पानी और सड़क जैसी बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं लगातार सामने आ रही हैं। आम नागरिकों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना शासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने इन समस्याओं के स्थायी समाधान की आवश्यकता पर जोर दिया।उन्होंने कहा कि शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलनी चाहिए और लंबे समय से लंबित जनसमस्याओं का निराकरण प्राथमिकता के आधार पर किया जाना चाहिए।

मेडिकल कॉलेज और स्वास्थ्य सुविधाओं का मुद्दा

पदयात्रा के दौरान कटनी में मेडिकल कॉलेज की मांग को भी प्रमुखता से उठाया गया। जितेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि जिले की जनता लंबे समय से शासकीय मेडिकल कॉलेज की मांग कर रही है, लेकिन उनके अनुसार लोगों को वास्तविक मेडिकल कॉलेज के स्थान पर कामचलाऊ व्यवस्था दी जा रही है।उन्होंने जिला अस्पताल सहित जिले की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को मजबूत करने की आवश्यकता बताई। उनका कहना था कि आम नागरिकों को बेहतर और समय पर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलना जरूरी है।

जिला अस्पताल से लेकर ग्रामीण स्वास्थ्य केंद्रों तक स्टाफ की कमी का दावा

आप के राष्ट्रीय परिषद सदस्य शिव प्रताप सिंह परमार ने शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जिला अस्पताल में डॉक्टरों एवं पैरामेडिकल स्टाफ की कमी के कारण मरीजों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।उन्होंने बहोरीबंद, रीठी, बरही, विजयराघवगढ़, ढीमरखेड़ा और बड़वारा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में भी डॉक्टरों एवं तकनीकी स्टाफ की कमी का मुद्दा उठाते हुए इसे तत्काल दूर करने की मांग की। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को समय पर बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के लिए स्वास्थ्य केंद्रों में पर्याप्त चिकित्सकीय एवं तकनीकी अमला होना जरूरी है।

जर्जर स्कूल भवन और शिक्षकों की कमी का मुद्दा

जनआक्रोश पदयात्रा के दौरान शिक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठाए गए। शिव प्रताप सिंह परमार ने कहा कि जिले के कई स्कूलों में शिक्षकों की कमी के साथ-साथ जर्जर भवन, पेयजल और पहुंच मार्ग जैसी समस्याएं बनी हुई हैं।उन्होंने कहा कि बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के लिए स्कूलों में पर्याप्त शिक्षक, सुरक्षित भवन और आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की जिम्मेदारी है। शिक्षा और स्वास्थ्य को लेकर सरकार को गंभीरता से काम करना चाहिए, क्योंकि इनका सीधा असर जिले के भविष्य पर पड़ता है।

किसानों और अन्य जनमुद्दों को भी बनाया मुद्दा

आप नेताओं ने किसानों से जुड़े मुद्दों को भी पदयात्रा में प्रमुखता से उठाया। पार्टी नेताओं ने कहा कि किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिलना चाहिए। इसके साथ ही बिजली-पानी, सड़क, सीवर, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाओं का बेहतर होना आम नागरिक का अधिकार है।जिलाध्यक्ष एडवोकेट अनिल सिंह सेंगर ने कहा कि जनआक्रोश पदयात्रा का उद्देश्य जनता की आवाज को सरकार तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी जनहित से जुड़े इन सभी मुद्दों को लेकर लगातार संघर्ष करेगी और सरकार को जनता के सवालों का जवाब देना होगा।

बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और नागरिक रहे मौजूद

जनआक्रोश पदयात्रा एवं आमसभा में प्रदेश सह प्रभारी रविंद्र जोगिया, प्रदेश संगठन मंत्री राम किशोर शिवहरे, राष्ट्रीय परिषद सदस्य शिव प्रताप सिंह, जिलाध्यक्ष एडवोकेट अनिल सिंह सेंगर, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष अंकित खटीक, किसान मोर्चा अध्यक्ष रामानुज मिश्रा, व्यापारी प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष सुशील जैन, उपाध्यक्ष प्रकाश जैन, संतोष सिंह, कल्पना सोनी, अफरोज अहमद, विवेक सिंह, करीम खान, कुंवर सिंह रघुवंशी, उमाशंकर पटेल, सृजन अग्रवाल, अरविंद सिंह, अमित तोमर, जगन्नाथ नामदेव, रामरतन नामदेव, लवकुश पटेल, राजेश पटेल, देवी दयाल यादव, लखन सिंह, अंकित खरे, मंगल कोल, गोकर्ण दहिया, विनय लोधी, रामसिया गुप्ता, आयुष सिंह, धर्मेंद्र सेन, बलराम सोनी, विकास श्रीवास्तव और अभिषेक परास्ते सहित पार्टी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।पदयात्रा के समापन पर घंटाघर में आयोजित आमसभा में जिले की विभिन्न समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए आप नेताओं ने इन मुद्दों के समाधान के लिए संघर्ष जारी रखने की बात कही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *