
कटनी जिले के बड़वारा थाना क्षेत्र में पुलिस ने जुआ फड़ पर रेड की कार्यवाही करते हुए छह लोगों को जुआ खेलते रंगे हाथ पकड़ा है। पुलिस ने मौके से नकदी सहित एक मोटरसाइकिल और दो स्कूटी जब्त की हैं। पुलिस के मुताबिक जब्त मशरुका की कुल कीमत करीब दो लाख रुपये है।
बड़वारा पुलिस के अनुसार, 19 सितंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम वाह-पौड़ी के जंगल में कुछ लोग ताश के पत्तों पर रुपये-पैसों का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर जुआ फड़ पर दबिश दी।
पुलिस ने मौके से छह लोगों को जुआ खेलते हुए पकड़ा। पकड़े गए आरोपियों में रामबिलास निषाद, विशाल निषाद, विकास बंशल, प्रिंस उर्फ पलक वंशकार, रुस्तम खान और दीपक सोनी शामिल हैं।
पुलिस के मुताबिक आरोपियों और जुआ फड़ से नकदी के साथ एक मोटरसाइकिल और दो स्कूटी जब्त की गईं। जब्त मशरुका की कुल कीमत करीब दो लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस ने सभी आरोपियों के विरुद्ध जुआ एक्ट के तहत कार्यवाही की है। पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर क्षेत्र में जुआ गतिविधियों के खिलाफ लगातार निगरानी और कार्यवाही की जा रही है।
पुलिस की इस सम्पूर्ण कार्यवाही में थाना प्रभारी उप निरीक्षक सुयश पाण्डेय सहित पुलिस स्टाफ और ग्राम रक्षा समिति सदस्य कमलेश निषाद की विशेष भूमिका रही।
