स्पा सेंटरों पर पुलिस की दबिश, दो प्रकरण दर्ज

नेचुरल थाई और आवा स्पा सेंटर में पुलिस की कार्यवाही, 17 युवक-युवतियां मिले; आपत्तिजनक सामग्री व नकदी जब्त

कटनी। शहर में संचालित स्पा सेंटरों की गतिविधियों को लेकर पुलिस ने रविवार को बड़ी कार्यवाही करते हुए दो स्पा सेंटरों पर छापामार कार्यवाही की। महिला थाना पुलिस की टीम ने नेचुरल थाई स्पा सेंटर और आवा स्पा सेंटर में दबिश देकर कुल 17 युवक-युवतियों को अभिरक्षा में लिया। पुलिस के अनुसार दोनों स्थानों से आपत्तिजनक सामग्री, शराब की बोतलें, वियाग्रा की गोलियां, कंडोम, नकदी सहित डमी ग्राहकों को दिए गए पूर्व-अंकित नोट बरामद किए गए हैं।

पुलिस के मुताबिक कार्यवाही पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य के मार्गदर्शन में की गई। उप पुलिस अधीक्षक शिवा पाठक एवं महिला थाना प्रभारी निरीक्षक वर्षा सोनकर के नेतृत्व में टीम गठित कर दोनों स्पा सेंटरों की निगरानी की गई।

डमी ग्राहकों के जरिए हुई जांच

पुलिस ने बताया कि मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर दो डमी ग्राहकों को दोनों स्पा सेंटरों में भेजा गया था। उन्हें पहले से अंकित किए गए नोट दिए गए थे। इसके बाद पुलिस टीम ने दोनों स्थानों पर दबिश दी। कार्यवाही के दौरान उक्त नोट भी बरामद किए गए।

10 युवतियां और 7 युवक मिले

पुलिस के अनुसार नेचुरल थाई स्पा सेंटर से 5 युवक और 5 युवतियां, जबकि आवा स्पा सेंटर से एक युवक, 5 युवतियां और एक कर्मचारी मिला। पुलिस का कहना है कि अभिरक्षा में ली गई महिलाओं में कटनी जिले के बाहर के राज्यों एवं शहरों से आई महिलाएं भी शामिल हैं। इनमें उत्तर-पूर्वी राज्यों, हरियाणा, बंगाल, आगरा और मुंबई आदि स्थानों की महिलाएं शामिल बताई गई हैं।

पुलिस के अनुसार कुछ बालिकाओं की आयु 18 वर्ष से कम होने की जानकारी भी सामने आई है। इनके संबंध में पुलिस द्वारा विधि अनुसार आवश्यक कार्यवाही की जा रही है।

दो अलग-अलग प्रकरण दर्ज

महिला थाना पुलिस ने कार्यवाही के बाद दोनों स्पा सेंटरों के संबंध में अलग-अलग अपराध दर्ज किए हैं। अपराध क्रमांक 61/26 में भारतीय न्याय संहिता की धारा 143(4), 3(5) तथा अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम की धारा 3, 4, 5, 6 एवं 7 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। इसमें कविता सिंह, सबा शेख, अंकित पंथी, अमरजीत ताम्रकार, विधान राय, आनंद रजक और अनंत राम वंशकार को आरोपी बनाया गया है।

वहीं अपराध क्रमांक 62/26 में अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम की धारा 3, 4, 5, 6 एवं 7 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। इस मामले में रामदयाल विश्वकर्मा, मुकेश यादव और समृत लाल मीणा के नाम आरोपी के रूप में दर्ज किए गए हैं।

नाबालिगों से जुड़े पहलू की भी जांच

पुलिस ने बताया कि अभिरक्षा में ली गई बालिकाओं के विस्तृत कथन दर्ज किए जाएंगे। जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जाएगा कि उनका संपर्क किन लोगों के माध्यम से हुआ और वे स्पा सेंटर तक कैसे पहुंचीं। इसके अलावा बाहरी राज्यों से महिलाओं की भर्ती एवं परिवहन से जुड़े स्रोतों की भी जांच की जाएगी। पुलिस ने तस्करी और देह व्यापार से जुड़े संभावित नेटवर्क तक पहुंचने की बात कही है।

इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका

पूरी कार्यवाही में डीएसपी शिवा पाठक, महिला थाना प्रभारी वर्षा सोनकर, उप निरीक्षक मानसिंह मार्को, उप निरीक्षक पुष्पेंद्र दहिया, सुनील वर्मा, प्रमोद गौतम प्रधान आरक्षक, आरक्षक सुनीता सिंह, रोशनी सिंह, पूनम परते, आरती तिवारी तथा अजाक थाना से महिला आरक्षक एकता कारोलिया, सौम्या मिश्रा और पूजा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *