
कटनी। जिले में अवैध शराब के परिवहन और बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़वारा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मोटरसाइकिल से अवैध कच्ची महुआ शराब ले जा रहे एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 60 लीटर कच्ची महुआ शराब और बिना नंबर की होंडा साइन मोटरसाइकिल जब्त की है। बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब 12 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, 5 अक्टूबर 2026 को बड़वारा पुलिस क्षेत्र में भ्रमण और अवैध गतिविधियों की निगरानी कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम लखाखेरा बैरागी हार स्थित पुरानी डामर की पक्की सड़क के पास एक व्यक्ति बिना नंबर की नीले रंग की होंडा साइन मोटरसाइकिल पर भारी मात्रा में अवैध शराब लेकर ग्राहकों के इंतजार में खड़ा है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस को देखकर संदिग्ध ने भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस टीम ने उसे पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी की पहचान समय लाल कोल, पिता सोनेलाल कोल, उम्र 26 वर्ष, निवासी छुहाई टोला चंदिया, थाना चंदिया, जिला उमरिया के रूप में हुई।
पुलिस ने आरोपी के पास रखे चार प्लास्टिक के गुम्मों की तलाशी ली, जिनमें करीब 15-15 लीटर के हिसाब से कुल 60 लीटर हाथ भट्टी से निर्मित कच्ची महुआ शराब बरामद हुई। शराब के संबंध में वैध दस्तावेज या लाइसेंस मांगे जाने पर आरोपी के पास कोई दस्तावेज नहीं मिला।
इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर 60 लीटर अवैध शराब और मोटरसाइकिल विधिवत जब्त कर ली। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में अवैध शराब के परिवहन और बिक्री पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कार्रवाई माना जा रहा है।
