
रितिक डुमार के खिलाफ मारपीट, अवैध हथियार रखने और आगजनी सहित पांच अपराध दर्ज होने का पुलिस का दावा
कटनी। झिंझरी पुलिस चौकी ने मारपीट और अनुसूचित जाति-जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम (एससी-एसटी एक्ट) से जुड़े मामले में फरार चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रितिक डुमार (26) निवासी गड्ढा मोहल्ला, झिंझरी और अंशुल सिंह ठाकुर (19) निवासी मढ़िया मोहल्ला, झिंझरी के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को वैधानिक कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जिला जेल कटनी भेज दिया गया।
खाना खाकर लौटते समय मारपीट और धमकी देने का आरोप
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना 11 सितंबर 2026 की है। बेस्टलैंड, थाना रंगनाथनगर निवासी प्रदीप उर्फ दुर्गा ठाकुर (32) ने शिकायत दर्ज कराई थी कि चौरसिया ढाबे से खाना खाकर लौटते समय झिंझरी निवासी रितिक डुमार, अंशुल ठाकुर और उनके अन्य साथियों ने उनके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की तथा जान से मारने की धमकी दी। शिकायत के आधार पर माधवनगर थाने में अपराध क्रमांक 961/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
मेडिकल रिपोर्ट और जाति प्रमाण पत्र के आधार पर बढ़ीं धाराएं
विवेचना के दौरान पुलिस ने पीड़ित की मेडिकल रिपोर्ट प्राप्त की। इसके आधार पर प्रकरण में बीएनएस की धारा 118(2) जोड़ी गई। इसके साथ ही पीड़ित का जाति प्रमाण पत्र जब्त कर एससी-एसटी एक्ट की धारा 3(2)(वीए) और 3(2)(वी) का इजाफा किया गया। मामले में आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस द्वारा प्रयास किए जा रहे थे। इसी क्रम में 8 अक्टूबर 2026 को रितिक डुमार और अंशुल सिंह ठाकुर को गिरफ्तार कर लिया गया।
रितिक के खिलाफ पांच अन्य अपराध दर्ज होने की जानकारी
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी रितिक डुमार के विरुद्ध कटनी शहर के विभिन्न थानों में मारपीट, अवैध हथियार रखने, आगजनी सहित अन्य गंभीर धाराओं में कुल पांच अपराध दर्ज हैं। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किए जाने के बाद आदेशानुसार जिला जेल कटनी में निरुद्ध कराया गया है। पुलिस ने बताया कि मामले में फरार अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और उन्हें भी शीघ्र गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
इन पुलिसकर्मियों की रही महत्वपूर्ण भूमिका
पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य, उप पुलिस अधीक्षक अनिमेष द्विवेदी और माधवनगर थाना प्रभारी शैलेन्द्र सिंह यादव के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। कार्रवाई में झिंझरी चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक राजेश कुमार दुबे के नेतृत्व में सहायक उपनिरीक्षक सतीश भगत, प्रधान आरक्षक पंकज त्रिपाठी, आरक्षक अजय सिंह, संजय यादव और सौरभ कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
