

विजयराघवगढ़ मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद की जिला स्तरीय मासिक समीक्षा बैठक का आयोजन परिषद के कार्यपालक निदेशक डॉ. बकुल लाड़ एवं जिला समन्वयक डॉ. तेज सिंह की अध्यक्षता में किया गया। बैठक सावंद योजना अंतर्गत नवांकुर संस्थाओं की प्रगति समीक्षा के उद्देश्य से आयोजित की गई जिसमें विभिन्न सामाजिक संगठनों द्वारा संचालित अभियानों की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की गई।बैठक में नवांकुर राहत समर्पण सेवा समिति द्वारा संचालित राहत शक्ति अभियान की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की गई। समिति की ओर से अवगत कराया गया कि अभियान के माध्यम से विजयराघवगढ़ क्षेत्र के लगभग 70 ग्रामों में 28 हजार से अधिक महिलाओं को लाभान्वित किया जा चुका है। ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं एवं किशोरियों को मासिक धर्म स्वच्छता स्वास्थ्य जागरूकता पोषण स्वच्छता एवं आत्मनिर्भरता संबंधी विषयों पर नियमित रूप से जागरूक किया जा रहा है। साथ ही निःशुल्क सेनेटरी पैड वितरण एवं स्वास्थ्य परामर्श के माध्यम से महिला स्वास्थ्य सुधार की दिशा में कार्य किया जा रहा है।बैठक के दौरान समिति अध्यक्ष शारदा प्रसाद साहू द्वारा सुझाव दिया गया कि अभियान को और प्रभावी बनाने हेतु ग्राम स्तर पर महिलाओं द्वारा सेनेटरी पैड निर्माण एवं विक्रय की व्यवस्था विकसित की जाए। इससे स्थानीय स्तर पर महिलाओं को स्वरोजगार के अवसर प्राप्त होंगे तथा सस्ती एवं सुलभ स्वच्छता सामग्री उपलब्ध होने से ग्रामीण महिलाओं के स्वास्थ्य में सुधार होगा।उन्होंने नवांकुर सखी के माध्यम से महिला समूहों को संगठित कर इस पहल को चरणबद्ध रूप से प्रारंभ करने की कार्ययोजना तैयार करने का प्रस्ताव भी रखा।समीक्षा बैठक में अधिकारियों ने अभियान की प्रगति की सराहना करते हुए इसे महिला स्वास्थ्य सम्मान एवं आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया। परिषद द्वारा निर्देशित किया गया कि योजना के उद्देश्यों की पूर्ति हेतु क्षेत्रीय स्तर पर सतत निगरानी एवं समन्वय बनाए रखा जाए। राहत समर्पण सेवा समिति का राहत शक्ति अभियान ग्रामीण महिलाओं में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने एवं सामाजिक झिझक को समाप्त करने की दिशा में एक संगठित प्रयास के रूप में उभर रहा है।