जमीन बेचने के नाम पर 24.52 लाख की ठगी, दो आरोपी गिरफ्तार, दो अब भी फरार।

कटनी। जिले के ढीमरखेड़ा थाना पुलिस ने जमीन विक्रय के नाम पर लाखों रुपए की धोखाधड़ी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है। वहीं, मामले के दो अन्य आरोपी अभी फरार बताए जा रहे हैं, जिनकी तलाश जारी है।


पुलिस अधीक्षक कटनी श्री अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. संतोष डेहरिया एवं एसडीओपी श्रीमती आकांक्षा चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी अभिषेक चौबे के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।


घटना का विवरण:
प्रार्थी रणजीत पटेल, निवासी ग्राम बरेली ने थाना ढीमरखेड़ा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि आरोपी दिलीप दुबे, मनीष पांडे, मुकुंदी पटेल एवं मुकेश पटेल ने मिलकर महर्षि महेश योगी संस्थान की जमीन बेचने के नाम पर उससे 24 लाख 52 हजार रुपये की धोखाधड़ी की।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 63/26 के तहत धारा 318(2), 318(4), 319(2), 336(3) एवं 61(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच में खुलासा:
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी मुकेश पटेल द्वारा एस.आर.एम. फाउंडेशन ऑफ इंडिया के नाम से फर्जी बैंक खाता खुलवाया गया था। इसी फर्जी खाते के माध्यम से मनीष पांडे और दिलीप दुबे द्वारा रकम अपने खातों में ट्रांसफर कर ली जाती थी। इसके अलावा, मुकुंदी पटेल के नाम से भी फर्जी खाता खोलकर ठगी की राशि का लेन-देन किया गया।


गिरफ्तारी व आगे की कार्रवाई:
पुलिस ने 26 मार्च 2026 को आरोपी मुकुंदी पटेल (निवासी हरदुआ कला, थाना विजयराघवगढ़) एवं मुकेश पटेल (निवासी जागृति कॉलोनी, थाना एनकेजे) को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है।
वहीं, मामले के मुख्य आरोपी मनीष पांडे एवं दिलीप दुबे अभी फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस टीम जुटी हुई है।


पुलिस टीम की भूमिका:
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अभिषेक चौबे, उपनिरीक्षक सुरेश चौधरी, सहायक उपनिरीक्षक जयपाल सिंह, प्रधान आरक्षक सुब्बचन यादव, आरक्षक पंकज सिंह, देवेंद्र अहिरवार, डुमनदास एवं गंधर्व सिंह की सराहनीय भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *