कटनी : शहर के शहीद स्मारक भवन में राष्ट्रीय श्रमजीवी पत्रकार परिषद की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें संगठन की मजबूती, पत्रकारों के अधिकारों की सुरक्षा और पत्रकारिता की गरिमा बनाए रखने को लेकर गंभीर चर्चा हुई।
बैठक की अध्यक्षता संभागीय पदाधिकारी भारत भूषण श्रीवास्तव ने की, जबकि जिला अध्यक्ष गोपाल सिंघानिया के मार्गदर्शन में कार्यक्रम संपन्न हुआ। बैठक में जिले भर से बड़ी संख्या में पत्रकार शामिल हुए।
तीन प्रमुख मुद्दों पर बनी सहमति
बैठक में परिषद द्वारा कई अहम प्रस्तावों पर सहमति जताई गई, जिनमें प्रमुख रूप से निम्न बिंदु शामिल रहे—
परिषद ने निर्णय लिया कि संगठन के विस्तार और बेहतर संचालन के लिए कटनी जिले में एक स्वतंत्र कार्यालय की स्थापना आवश्यक है। इसके लिए जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर स्थान आवंटन की मांग की गई।
पत्रकारों की सुरक्षा और पहचान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से परिषद के सक्रिय सदस्यों की सूची कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक और जनसंपर्क विभाग को सौंपी गई। इससे प्रशासन और पत्रकारों के बीच समन्वय मजबूत होगा और फर्जी पत्रकारों पर अंकुश लगेगा।
परिषद ने साफ कहा कि वही व्यक्ति वास्तविक पत्रकार है, जो जमीनी स्तर पर काम करते हुए जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाता है। साथ ही संगठन ने चेताया कि निजी हितों के लिए स्वयंभू तरीके से ‘पत्रकार’ घोषित करने वालों का परिषद समर्थन नहीं करेगी।
बैठक के अंत में वक्ताओं ने कहा कि वर्तमान समय में पत्रकारिता कई चुनौतियों से गुजर रही है। ऐसे में पत्रकारों की एकजुटता ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है। परिषद उन सभी पत्रकारों के साथ खड़ी है, जो निष्पक्ष और जिम्मेदार पत्रकारिता कर रहे हैं।
बैठक में संतोष उपाध्याय, अजय त्रिपाठी, कृपानंद तिवारी, राजेन्द्र राठौर, मनोज प्यासी, प्रमोद खम्परिया, संजीव श्रीवास्तव, अनिरुद्ध बजाज, पुष्पेंद्र मोदी, राजेश सिंघई, अरविन्द गुप्ता, प्रकाश जैन, वेद प्रकाश दुबे, सुनील रावत, ज्योति तिवारी, अशोक अग्रवाल, संतोष गुप्ता, संदीप शर्मा, आशीष दुबे, विकास श्रीवास्तव, अनुज कोरी, हंसराज सिंह, अभिमन्यु विश्वकर्मा, सौरभ श्रीवास्तव, तन्मय सिंघई, अनुराग जायसवाल, लवकुश पटेल, सुरेन्द्र कुमार शर्मा, सुमित जायसवाल, हिमांशु जायसवाल, कमल नाकरा, गुलशन चक्रवर्ती, मुकेश ब्योहार, राजेन्द्र गुप्ता सहित अन्य पत्रकार उपस्थित रहे।
