कटनी। चाका ग्राम पंचायत में खसरा नंबर 267 को लेकर चल रहा जमीन विवाद अब नए मोड़ पर पहुंच गया है। मामले में स्थानीय पटवारी पर शासकीय रिकॉर्ड में हेरफेर के आरोप लगाए गए हैं, जिसके बाद विवाद और गहरा गया है।
ताजा सामने आए तथ्यों के अनुसार, दीवार खड़ी कर कब्जा करने के आरोपी खूबसिंह ने ही अपने ग्राम पंचायत के पंची कार्यकाल के दौरान ही उक्त सड़क पर सी सी रोड निर्माण कराया था। वहीं वादी पक्ष का यह भी कहना है कि यदि निष्पक्ष जांच कराते हुए सड़क में गड्ढा कराके देखा जाए, तो नीचे बनी सीसी रोड स्पष्ट रूप से सामने आ जाएगी, जिससे पूरे मामले की सच्चाई उजागर हो जाएगी।
वादी द्वारा कुछ पुराने वीडियो भी प्रस्तुत किए गए हैं, जिनके माध्यम से यह बताने की कोशिश की गई है कि उक्त स्थान पर पहले से ही सड़क मौजूद थी। इसके साथ ही गांव के बुजुर्गों के बयान भी सामने आए हैं, जो इस बात की पुष्टि करते हैं कि खसरा नंबर 267 में लंबे समय से सार्वजनिक मार्ग रहा है।
फिलहाल यह मामला तहसील न्यायालय में विचाराधीन है। वादी पक्ष ने जनहित को ध्यान में रखते हुए निष्पक्ष जांच और न्यायपूर्ण निर्णय की मांग की है। अब देखना होगा कि प्रशासन और न्यायालय इस संवेदनशील मामले में क्या रुख अपनाते हैं।
