कटनी में ट्रैफिक सुधार की बड़ी तैयारी, पुलिस-प्रशासन ने शुरू किया जमीनी सर्वे

कटनी। शहर में लगातार बिगड़ रही यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए अब पुलिस प्रशासन ने ठोस रणनीति पर काम शुरू कर दिया है। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के मार्गदर्शन में यातायात विभाग, नगर निगम और तकनीकी विशेषज्ञों की संयुक्त टीम शहर के व्यस्त मार्गों और प्रमुख चौराहों का लगातार निरीक्षण कर रही है। उद्देश्य है कि कटनी में सुचारु, सुरक्षित और आधुनिक यातायात व्यवस्था विकसित की जा सके।
इसी क्रम में गुरुवार को यातायात थाना प्रभारी निरीक्षक अनूप सिंह ने पुलिस बल, नगर निगम अधिकारियों एवं ट्रैफिक विशेषज्ञों के साथ शहर के महत्वपूर्ण मार्गों का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान दुर्गा चौक, तिलक कॉलेज मोड़, तिलक कॉलेज मार्ग, पन्ना तिराहा और सागर पुलिया जैसे अत्यधिक व्यस्त क्षेत्रों की यातायात स्थिति का सूक्ष्म अध्ययन किया गया।
निरीक्षण के दौरान टीम ने बारिश के मौसम में होने वाली जलभराव की समस्या, सड़क पर बढ़ते दबाव, जाम की स्थिति तथा पैदल राहगीरों को होने वाली परेशानियों का आकलन किया। साथ ही सड़क किनारे अवैध पार्किंग, फुटपाथों पर अतिक्रमण और मुख्य मार्गों पर संचालित ठेलों एवं अस्थायी दुकानों से यातायात पर पड़ रहे प्रभाव का तकनीकी परीक्षण भी किया गया।
सर्वे में सामने आई प्रमुख दिक्कतें
संयुक्त टीम के निरीक्षण में पाया गया कि शहर के प्रमुख बाजार क्षेत्रों में सुव्यवस्थित पार्किंग व्यवस्था नहीं होने से आए दिन जाम की स्थिति निर्मित हो रही है। सड़क किनारे खड़े वाहनों के कारण यातायात प्रभावित हो रहा है। इसके अलावा बाजार क्षेत्रों में फैले स्थायी एवं अस्थायी अतिक्रमण, फुटपाथों पर दुकान संचालन और मुख्य मार्गों पर लगने वाले हाथ ठेलों ने यातायात व्यवस्था को गंभीर रूप से प्रभावित किया है।
यातायात सुधार के लिए तैयार हो रही नई योजना
प्रशासन द्वारा तैयार की जा रही नई कार्ययोजना के तहत शहर के प्रमुख चौराहों और तिराहों को आधुनिक स्वरूप दिया जाएगा। पुरानी रोटरियों का वैज्ञानिक तरीके से पुनर्गठन कर ट्रैफिक मूवमेंट को अधिक सुगम बनाया जाएगा, जिससे दुर्घटनाओं और जाम की समस्या में कमी आने की उम्मीद है।
इसके अलावा नगर निगम के सहयोग से बाजार क्षेत्रों में व्यवस्थित सशुल्क पार्किंग व्यवस्था लागू करने की तैयारी भी की जा रही है। चिन्हित स्थानों पर पार्किंग जोन विकसित किए जाएंगे ताकि सड़क किनारे होने वाली अवैध पार्किंग पर नियंत्रण किया जा सके।
शहर की मुख्य सड़कों को बाधामुक्त बनाने के लिए हाथ ठेला संचालकों और सब्जी विक्रेताओं हेतु अलग वेंडिंग जोन विकसित करने की योजना भी बनाई जा रही है। प्रशासन का कहना है कि सभी विक्रेताओं को नियमानुसार सम्मानपूर्वक निर्धारित स्थानों पर स्थानांतरित किया जाएगा।
नागरिकों से मांगा सहयोग
कटनी पुलिस ने शहरवासियों से यातायात नियमों का पालन करने, निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करने और सड़कों पर अव्यवस्थित तरीके से वाहन खड़े न करने की अपील की है। प्रशासन का मानना है कि नागरिकों के सहयोग से ही शहर को जाम की समस्या से राहत दिलाई जा सकती है।
संयुक्त निरीक्षण दल में राहुल तिवारी, डॉ. अनुज जायसवाल, योगेश पवार, निरीक्षक अनूप सिंह, आरक्षक राजकुमार एवं आरक्षक सुरेन्द्र सिंह उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *