
कटनी। रंगनाथनगर थाना पुलिस ने अवैध शराब के परिवहन के खिलाफ कार्यवाही करते हुए 54 लीटर लाल मसाला शराब के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने शराब परिवहन में प्रयुक्त सेलेटी रंग की स्कूटी भी जब्त की है। मामले में पूछताछ के आधार पर एक अन्य आरोपी को भी गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक आरोपी अभी फरार बताया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, 17 अगस्त 2026 को पुलिस टीम अपराध पतासाजी एवं पेट्रोलिंग पर थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि मंगल नगर पुलिया के पास एक व्यक्ति सेलेटी रंग की स्कूटी से भारी मात्रा में अवैध शराब लेकर आने वाला है। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और संदिग्ध गतिविधि पर नजर रखी।
पुलिस को मंगल नगर पुलिया के पास सेलेटी रंग की स्कूटी क्रमांक MP 21 ZH 9350 दिखाई दी, जिसमें आगे की ओर एक थैला रखा था। पुलिस को देखते ही स्कूटी सवार भागने लगा। पुलिस टीम ने उसका पीछा किया। भूत बंगला रेलवे लाइन के पास आरोपी स्कूटी की चाबी छोड़कर भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।
स्कूटी की तलाशी लेने पर थैले से 54 लीटर लाल मसाला शराब, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 30 हजार रुपये बताई गई है, बरामद हुई। पूछताछ में आरोपी की पहचान युवराज उर्फ हनीश सिक्कलवाल (20) निवासी फॉरेस्टर वार्ड, झर्रा टुकरिया, थाना रंगनाथनगर के रूप में हुई। शराब के संबंध में वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर पुलिस ने उसके विरुद्ध अपराध क्रमांक 355/2026 के तहत धारा 34(2) मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम में प्रकरण दर्ज कर गिरफ्तार किया।
पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि युवराज कथित रूप से उक्त शराब कमलेश चौधरी (47) निवासी फॉरेस्टर वार्ड, रंगनाथनगर के कहने पर लेने गया था। विवेचना के दौरान पुलिस ने कमलेश चौधरी को भी गिरफ्तार कर वैधानिक कार्यवाही की है। मामले में एक अन्य आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश पुलिस द्वारा की जा रही है।
इनकी रही सराहनीय भूमिका
इस कार्यवाही में थाना प्रभारी रंगनाथनगर उपनिरीक्षक अरुणपाल सिंह, सहायक उपनिरीक्षक बहादुर सिंह, प्रधान आरक्षक महेन्द्र दुबे, लालजी यादव, रामनरेश शुक्ला, आरक्षक बृजेश, रोहित झारिया एवं वीरेंद्र की सराहनीय भूमिका रही।
