फरार आरोपियों की गिरफ्तारी, जुआरियों पर भी कुठला पुलिस की कार्रवाई

कटनी,
जिले की कुठला पुलिस ने फरार आरोपियों की गिरफ्तारी और अवैध जुआ के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए चार फरार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं ताश के पत्तों पर जुआ खेलते चार लोगों को भी पकड़कर उनके कब्जे से नकदी और ताश के पत्ते जब्त किए गए हैं। पुलिस अधीक्षक अभिनव विश्वकर्मा के निर्देश पर यह कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं पुलिस अधिकारियों के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी अखलेश दाहिया के नेतृत्व में की गई।

मारपीट के मामले में तीन फरार आरोपी गिरफ्तार

पुलिस के अनुसार 18 जून 2026 को ग्राम पटवारा निवासी राजनारायण पटेल की शिकायत पर कैलवारा निवासी मनोज पटेल, रामसुजान साहू, लवकुश साहू एवं ओमप्रकाश साहू के विरुद्ध मारपीट सहित विभिन्न धाराओं में अपराध दर्ज किया गया था। मामले में मुख्य आरोपी मनोज पटेल को पहले ही गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जा चुका था, जबकि अन्य आरोपी फरार चल रहे थे।

लगातार तलाश के बाद पुलिस ने रविवार को फरार आरोपी रामसुजान साहू (49 वर्ष), लवकुश साहू (21 वर्ष) और ओमप्रकाश साहू (18 वर्ष), सभी निवासी ग्राम कैलवारा, को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की गई।

जुआ खेलते चार आरोपी दबोचे

एक अन्य कार्रवाई में पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि चाका बायपास स्थित राधे के टपरे के पास कुछ लोग ताश के पत्तों पर रुपए का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर दबिश देकर कमल चौधरी, शोभित साहू, आकाश कोल और शेबू खान को गिरफ्तार कर लिया।

मौके से पुलिस ने ₹1,120 नकद और 52 ताश के पत्ते जब्त किए। आरोपियों के विरुद्ध जुआ अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया।

हंगामा करने पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई

पुलिस के अनुसार कार्रवाई के दौरान आरोपी चाका बायपास मार्ग पर राहगीरों के साथ गाली-गलौज कर हंगामा करने लगे। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने सभी आरोपियों को हिरासत में लेकर बीएनएसएस की संबंधित धाराओं के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की और उन्हें अनुविभागीय दंडाधिकारी (एसडीएम) कटनी के समक्ष प्रस्तुत किया।

पुलिस टीम की रही अहम भूमिका

पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी अखलेश दाहिया के नेतृत्व में प्रधान आरक्षक सुनील पाण्डेय, राहुल मिश्रा, महेन्द्र सिंह, शिवशंकर दुबे, ताहिर खान तथा आरक्षक मनोज सिंह, विजय प्रजापति, शिशिर पाण्डेय सहित अन्य पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस का कहना है कि जिले में अपराधियों और असामाजिक तत्वों के विरुद्ध विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *