देवरी गैतरा में गूंजे नंद के आनंद भयो के जयकारे, धूमधाम से मनाया गया श्रीकृष्ण जन्मोत्सव

कटनी। जिले के देवरी गैतरा क्षेत्र में यादव परिवार द्वारा आयोजित श्रीमद्भागवत ज्ञान यज्ञ में आज रविवार को भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव बड़े ही भक्तिमय और उत्साहपूर्ण वातावरण में मनाया गया। कथा पंडाल में जैसे ही कथा व्यास पंडित दिनेश शास्त्री ने भगवान श्रीकृष्ण जन्म की पावन कथा का वाचन प्रारंभ किया, पूरा वातावरण भक्ति रस में डूब गया।
कथा के दौरान पंडित दिनेश शास्त्री ने भगवान श्रीकृष्ण के अवतार की महिमा का विस्तार से वर्णन करते हुए बताया कि जब-जब पृथ्वी पर अधर्म बढ़ता है, तब-तब भगवान विभिन्न रूपों में अवतार लेकर धर्म की स्थापना करते हैं। श्रीकृष्ण जन्म प्रसंग का भावपूर्ण वर्णन सुनकर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे और पूरा पंडाल “नंद के आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की” के जयघोष से गूंज उठा।
कथा के पश्चात यादव परिवार द्वारा भगवान श्रीकृष्ण जन्मोत्सव पारंपरिक एवं आकर्षक अंदाज में नृत्य करते हुए मनाया गया। बाल गोपाल की सुंदर पालकी सजाई गई, जिसे फूलों और रंग-बिरंगी सजावट से विशेष रूप दिया गया। पालकी में विराजित बाल कृष्ण के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी।
जन्मोत्सव के दौरान महिला एवं पुरुष श्रद्धालुओं ने भक्ति गीतों और कृष्ण भजनों पर उत्साहपूर्वक नृत्य प्रस्तुत किया। ढोल, मंजीरे और भजनों की धुन पर श्रद्धालु देर तक झूमते रहे। पूरा परिसर भक्ति, उल्लास और आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर दिखाई दिया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे, जिन्होंने भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव में शामिल होकर पुण्य लाभ अर्जित किया। आयोजन समिति द्वारा श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद वितरण की व्यवस्था भी की गई।
आयोजकों ने बताया कि श्रीमद्भागवत कथा के आगामी दिनों में भगवान श्रीकृष्ण की विभिन्न लीलाओं का वर्णन किया जाएगा, जिसे सुनने के लिए प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *