
कटनी। पत्रकारों की अधिमान्यता और उनके दस्तावेजों को लेकर कटनी में नया मामला सामने आया है। पीआरओ कार्यालय से आरटीआई के तहत मिली जानकारी के आधार पर कुछ पत्रकारों को कुठला थाने से धारा 94 बीएनएसएस के तहत नोटिस जारी किए जाने के मामले में अब पत्रकार संगठन ने प्रशासन से स्पष्टीकरण और निष्पक्ष जांच की मांग की है।
द जर्नलिस्ट एसोसिएशन पत्रकार संगठन, जिला कटनी ने इस संबंध में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम कलेक्टर के माध्यम से ज्ञापन सौंपा है।
ज्ञापन में बताया गया है कि जिले के पत्रकारों ने एक विभाग में कार्यरत आउटसोर्स कर्मी के संबंध में लगातार खबरें प्रकाशित की थीं। इस मामले में वेयरहाउस मालिकों ने भी भोपाल पहुंचकर संबंधित अध्यक्ष को ज्ञापन दिया था। इसके बाद प्रशासन ने संबंधित कर्मी को हटा दिया। बाद में कर्मी द्वारा कुठला थाने में आवेदन दिया गया और आरटीआई के माध्यम से पीआरओ कार्यालय से उक्त पत्रकारों के दस्तावेजों की जानकारी मांगी गई।
संगठन का कहना है कि पीआरओ कार्यालय से संबंधित पत्रकारों के अधिमान्य नहीं होने की जानकारी दिए जाने के आधार पर थाने से नोटिस जारी किए गए। पत्रकारों ने थाने में अपना लिखित जवाब भी प्रस्तुत कर दिया है।
संगठन ने पूरे मामले की वरिष्ठ अधिकारी से निष्पक्ष जांच, पत्रकारों की सुरक्षा, डिजिटल और वेब मीडिया के पत्रकारों के लिए स्पष्ट दिशा-निर्देश तथा धारा 94 बीएनएसएस के दुरुपयोग पर रोक लगाने की मांग की है।
ज्ञापन में स्पष्ट किया गया है कि अधिमान्यता सरकार द्वारा दी जाने वाली सुविधा है, अधिमान्य नहीं होने का अर्थ यह नहीं कि कोई व्यक्ति पत्रकार नहीं है।
अब सवाल यह है कि क्या अधिमान्यता को ही पत्रकारिता का प्रमाण माना जाएगा? पत्रकार संगठन ने प्रशासन से इस पूरे मामले में स्पष्टता और निष्पक्ष कार्रवाई की अपेक्षा जताई है।
