कटनी पुलिस की कॉम्बिंग गश्त में 174 आरोपी पकड़े, 116 वारंटी गिरफ्तार

कटनी। अपराधियों और फरार आरोपियों पर शिकंजा कसने के लिए कटनी पुलिस ने विशेष कॉम्बिंग गश्त अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य के मार्गदर्शन में जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में की गई कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 25 स्थाई वारंटी और 91 गिरफ्तारी वारंटियों सहित कुल 174 आरोपियों को पकड़ा।
पुलिस के अनुसार अभियान के दौरान न्यायालयों से जारी विभिन्न प्रकरणों में 25 स्थाई वारंटियों तथा 91 गिरफ्तारी वारंटियों को गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा फरार एवं आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहने वाले बदमाशों की भी निगरानी की गई।
कॉम्बिंग गश्त के दौरान पुलिस टीमों ने अपराधियों के घर पहुंचकर 61 गुंडा बदमाशों तथा 46 निगरानी बदमाशों की चेकिंग की। वहीं जिला बदर किए गए दो बदमाशों को भी चेक किया गया। रात के समय आने-जाने वाले 29 मुसाफिरों की जांच कर उनका रजिस्टर में इंद्राज किया गया।
अवैध शराब और नशे के खिलाफ कार्रवाई
अवैध शराब के परिवहन, विक्रय और सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन के मामलों में पुलिस ने आबकारी एक्ट के तहत 31 प्रकरण दर्ज किए। वहीं शराब के नशे में वाहन चलाने वाले छह वाहन चालकों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत कार्रवाई की गई।
पुलिस ने अभियान के दौरान जुआ एक्ट के दो प्रकरण भी दर्ज किए।
वारंट और समंस की तामीली
कॉम्बिंग गश्त के दौरान पुलिस ने न्यायालयीन कार्रवाई को आगे बढ़ाते हुए 58 जमानती वारंट तामील किए। इसके अलावा 98 समंस की भी तामीली की गई।
परिशांति भंग करने की आशंका में चार आरोपियों के खिलाफ धारा 170 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई की गई, जबकि शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए 113 व्यक्तियों के विरुद्ध धारा 126 एवं 135 बीएनएसएस के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई।
पुलिस का कहना है कि कॉम्बिंग गश्त का उद्देश्य फरार वारंटियों की गिरफ्तारी के साथ-साथ आदतन अपराधियों, गुंडा एवं निगरानी बदमाशों की गतिविधियों पर नजर रखना और जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *